मंदबुद्धि ने गश्त कर रहे सिपाही पर गंडासे से किया जानलेवा हमला
Amroha News - शहर के मोहल्ला छेवड़ा में एक मंदबुद्धि व्यक्ति ने सिपाही राहुल कुमार पर गंडासे से जानलेवा हमला किया। घटना के समय सिपाही गश्त पर थे। हमले से सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया है, जो मानसिक रूप से बीमार प्रतीत हो रहा है।

शहर के मोहल्ला छेवड़ा में सोमवार देर रात हंगामा कर रहे एक मंदबुद्धि व्यक्ति ने सिपाही पर गंडासे से जानलेवा हमला कर दिया। इससे सिपाही लहूलुहान हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं पुलिस अफसरों के बीच हड़कंप मच गया। घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शहर के मोहल्ला छेवड़ा में रात करीब 11 बजे की है। होली पर्व को देखते हुए पुलिसकर्मी इलाके में पैदल गश्त कर रहे थे। उसी दौरान वहां एक मंदबुद्धि व्यक्ति ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने जब उसे काबू करने का प्रयास किया तो वह हमलावर होता रहा।
बताया जा रहा है कि गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल राहुल कुमार ने जब उसे काबू करने की कोशिश की तो उसने गंडासे से वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में सिपाही राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय युवकों की मदद से घायल सिपाही को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में सिपाही का इलाज जारी है। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से हमलावर को दबोच लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार आनंद भी मौके पर पहुंचे और घटना की बाबत जानकारी ली। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मानसिक रूप से बीमार प्रतीत हो रहा है। आरोपी न तो अपना नाम ठीक से बता पा रहा है और न ही कोई स्पष्ट जानकारी दे पा रहा है।फिलहाल आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



