गजरौला। हिन्दुस्तान संवाद
मेरठ के वृद्ध ने गंगा में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे बृजघाट पुल से कूदता देख कुछ लोग ने उन्हें बचा लिया। वृद्ध ने लोगों से पत्नी व बेटे द्वारा की गई अभद्रता के बारे में बताया। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना गढ़मुकतेश्वर चौकी क्षेत्र की है। पुलिस ने वृद्ध के परिजनों को बुलाकर उन्हें उनकी सुपुर्दगी में दे दिया।
मेरठ के एक मोहल्ला निवासी वृद्ध का शुक्रवार की सुबह अपनी पत्नी व बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताते हैं कि दोनों ने वृद्ध के साथ अभद्रता भी की। इसी बात से नाराज वृद्ध घर से कहीं चला गया। वृद्ध बस से बैठकर शाम करीब साढ़े पांच बजे बृजघाट पुल पर पहुंचा तथा आत्महत्या करने के लिए नीचे कूदने लगा। तभी वहां खड़े कुछ लोगों ने दौड़कर वृद्ध को वापस खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। लोगों ने वृद्ध से मरने का कारण पूछा तो उसने पत्नी व बेटे से झगड़ा होने की बात कही। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वृद्ध से उसके बेटे का मोबाइल नंबर की जानकारी करके उन्हें घटना के बारे में बताया। रात को परिजन बृजघाट पहुंचे। पुलिस ने वृद्ध को परिजनों को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही।