दो दुकानों में लगी भीषण आग, गुजरी बाजार में अफरातफरी
Amroha News - अमरोहा के मोहल्ला गुजरी में रविवार रात एक चाय की दुकान में आग लग गई। आग ने पास की एक अन्य दुकान को भी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

अमरोहा, संवाददाता। शहर के मोहल्ला गुजरी में रविवार रात एक चाय की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते भड़कनी शुरू हुई लपटों ने पास की ही एक अन्य दुकान को भी चपेट में ले लिया। आग के तेजी से बढ़ते दायरे के बीच बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानें बंद कर जा चुके आसपास के दुकानदार भी मौके पर आ गए। दमकल कर्मियों ने लोगों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया। घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।शहर के मोहल्ला काजीजादा निवासी अनीस अहमद की बाजार गुजरी में चाय और समोसे की दुकान है जबकि उनकी दुकान के पास में ही अन्य दुकानें भी हैं।
रविवार रात करीब आठ बजे वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे लेकिन देर रात करीब 12:30 बजे अचानक उनकी दुकान से आग की लपटें उठने लगीं, धुआं निकलता देख राहगीर रुक गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दूसरी दुकान तक फैल गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारण आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। अग्निकांड में दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। फिलहाल आग लगने का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। गौरतलब है कि दो साल पूर्व भी इसी बाजार में एक दुकान में भीषण आग लग गई थी जिसने हड़कंप मचा दिया था। रास्ता संकरा होने के कारण दमकल की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकी थी। रविवार रात भी ऐसा ही हुआ, रास्ता तंग होने के कारण दमकल की छोटा वाहन ही मौके पर आ सका।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


