राशिद हुसैन हत्याकांड : 25 हजार का इनामी आरोपी कलीम मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Amroha News - पेशकार राशिद हुसैन की पिटाई से हुई मौत के मामले में 25 हजार रुपये का इनामी मुख्य आरोपी कलीम को डिडौली पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। कलीम के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, बाइक और मोबाइल बरामद किया। मामले में और आरोपियों की गिरफ्तारी जारी है।

पेशकार राशिद हुसैन की पिटाई के दौरान हुई मौत से जुड़े मुकदमे में 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी कलीम को डिडौली पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। हाईवे स्थित गांव नीलोखेड़ी में मंगलवार देर रात गश्त कर रही पुलिस टीम का आरोपी कलीम से आमना-सामना हुआ था। फायरिंग में एक गोली दरोगा तारिक की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी लगी। सूचना मिलते ही एसपी-एएसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया। आरोपी कलीम के कब्जे से तमंचा, दो जिंदा कारतूस, बाइक व मोबाइल बरामद होने का दावा किया गया है।
फिलहाल, पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक शहर के मोहल्ला नल नई बस्ती निवासी राशिद हुसैन जिला जजी में पेशकार थे। रविवार दोपहर वह पत्नी रुखसार, भतीजे सलमान और तीन बच्चों के साथ कार में सवार होकर रिश्तेदारी में मुरादाबाद जा रहे थे। जोया-बंबूगढ़ बाईपास पर गांव हुसैनपुर के पास वहीं के रहने वाले नफीस की बाइक की राशिद हुसैन की कार से मामूली टक्कर हो गई थी। इसके बाद गांव हुसैनपुर के युवकों ने पीछा कर राशिद हुसैन को संभल चौराहे से थोड़ा आगे गांव हरियाना के पास घेर लिया था। हमलावरों ने कार से नीचे उतारने के बाद मारपीट शुरू कर दी थी। पिटाई के दौरान हार्ट अटैक से राशिद हुसैन की मौत हो गई थी। मामले में डिडौली पुलिस ने मृतक के भतीजे सलमान की तहरीर पर बाइक सवार नफीस के बेटे शान तथा परिवार के ही कलीम, कसीम व नसीम के अलावा तीन अज्ञात के विरूद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी शान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी कलीम की गिरफ्तारी पर एसपी अमित कुमार आनंद ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद से ही पुलिस शिद्दत से उसकी तलाश में जुटी थी। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मंगलवार देर रात पुलिस टीम गश्त कर रही थी। उसी दौरान गांव नीलोखेड़ी में एक प्लॉट के पास आरोपी कलीम खड़ा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उसने फायरिंग कर दी, खुद को बचाते हुए पुलिस की ओर से भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई। जिसमें पैर में गोली लगने से कलीम घायल हो गया। मुठभेड़ में एक गोली उपनिरीक्षक तारिक की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी लगी है। घायल कलीम का पुलिस की निगरानी में जिलें अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल व बाइक बरामद हुई है। मामले अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों को भी जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


