Amroha News: बिजलीघर के बाहर दिखा तेंदुआ, कर्मचारी ने गेट बंद कर बचाई जान
Amroha News: मकनपुर शुमाली स्थित बिजलीघर के बाहर मंगलवार देर रात तेंदुआ दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात पुष्पेंद्र ने गेट बंद कर कंट्रोल रूम में छिपकर अपनी जान बचाई। तेंदुआ कुछ देर बिजलीघर की चारदीवारी के पास घूमने के बाद ईख के खेत की ओर चला गया। वन विभाग ने गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। आसपास के गांवों में दहशत है और ग्रामीण पिंजरा लगाने की मांग कर रहे हैं।

Amroha News: क्षेत्र के गांव मकनपुर शुमाली स्थित 33/11 केवी बिजली घर के बाहर मंगलवार देर रात तेंदुआ देखा गया। ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मचारी पुष्पेंद्र ने सूझबूझ दिखाते हुए बिजली घर का गेट बंद कर खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसएसओ पुष्पेंद्र के अनुसार वह रात करीब 11 बजे बिजली घर में ड्यूटी पर था। इसी दौरान गेट पर खड़ी बाइक के बिल्कुल सामने तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही वह घबरा गया और तुरंत भागकर बिजलीघर के कंट्रोल रूम का गेट बंद कर अंदर छिप गया। काफी देर तक तेंदुआ बिजलीघर की चारदीवारी के पास घूमता रहा और फिर पीछे स्थित ईख के खेत की ओर चला गया। बताया जा रहा है कि बिजलीघर के पीछे गन्ने के खेत और घनी झाड़ियां हैं, जहां अक्सर जंगली जानवर देखे जाते हैं। रेंजर नरेश कुमार ने बताया कि मकनपुर शुमाली बिजलीघर के नजदीक तेंदुआ दिखने की सूचना मिली है। टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। ग्रामीणों से अपील है कि अकेले खेत या जंगल की तरफ न जाएं और किसी भी स्थिति में तेंदुए को छेड़ने की कोशिश न करें। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है।
बिजलीघर के बाहर तेंदुआ दिखने से दहशत
तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत
ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की
हसनपुर। घटना के बाद से मकनपुर शुमाली, ताहरपुर, भगवानपुर माछरा, सेंमला, आगापुर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। ग्रामीण रामपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में पूर्व में भी तेंदुआ देखा गया था। मामले की जानकारी होने के बाद से ग्रामीण अकेले जंगल जाने से डर रहे हैं।

