Amroha News: शमी के गांव के पास सड़क पर दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल होने से लोगों में दहशत
Amroha News: अमरोहा के डिडौली क्षेत्र में सहसपुर अलीनगर से मिल्क गौसपुर जाने वाली सड़क पर तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत है। एक ग्रामीण ने रविवार शाम खेत जाते समय तेंदुए को देखा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। लोग खेतों और सड़क पर जाने से सतर्कता बरत रहे हैं। ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की है। डीएफओ ने सर्च ऑपरेशन के लिए टीम भेजने की बात कही।

Amroha News: डिडौली क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बढ़ती जा रही है। अब क्रिकेटर मोहम्मद शमी के गांव सहसपुर अलीनगर से मिल्क गौसपुर जाने वाली सड़क पर तेंदुआ दिखाई देने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में डर बना है। लोग खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं, जरूरी काम से सड़क से गुजरने के दौरान सतर्कता बरत रहे हैं। गांव निवासी जाहिद ने बताया कि रविवार शाम वह अपने खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी नजर तेंदुए पर पड़ी। तेंदुए को देखकर वह सतर्क हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ आसपास के खेतों या झाड़ियों में छिपा हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि सहसपुर अलीनगर गांव में पहले भी कई बार तेंदुआ दिखाई दे चुका है, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, पूर्व में गश्त पर जा रहे सिपाहियों पर भी तेंदुए के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेने और जल्द कार्रवाई की मांग की। डीएफओ राजीव कुमार ने गांव में टीम भेजकर सर्च ऑपरेशन चलाने की बात कही वहीं ग्रामीणों को सतर्कता बरतने का सुझाव दिया।

