Amroha News: बेकाबू होकर तालाब में पलटी कार, 16 वर्षीय छात्र की मौत, दो दोस्त घायल
Amroha News: कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी बीड़ी कारोबारी दिलशाद अहमद के 16 वर्षीय बेटे रेहान की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर शाम बिजनौर जिले में

Amroha News: कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी बीड़ी कारोबारी दिलशाद अहमद के 16 वर्षीय बेटे रेहान की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर शाम बिजनौर जिले में धामपुर रोड पर हुआ। रेहान अपने दो दोस्तों के साथ कार से घूमने जा रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में पलट गई। हादसे में रेहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों दोस्त घायल हो गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बुधवार दोपहर बाद शव को घर लाकर गमगीन माहौल में सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया गया। रेहान चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।
उसका बड़ा भाई अरशद एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है, जबकि मंझला भाई आतिफ कारोबार में हाथ बंटाता है। सबसे छोटा भाई कक्षा छह में पढ़ता है। परिजनों के मुताबिक, रेहान जब दो वर्ष का था, तब दिलशाद अहमद ने उसे नूरपुर निवासी अपनी बहन शहनाज को गोद दे दिया था। शहनाज की कोई संतान नहीं है। इसके बाद से रेहान उन्हीं के साथ रह रहा था।बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम रेहान अपने दो दोस्तों के साथ कार से घूमने निकला था। धामपुर रोड पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में पलट गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने किसी तरह कार से घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर धामपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद शव को नौगावां सादात ले जाया गया। बुधवार दोपहर बाद गमगीन माहौल में रेहान के शव को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया गया। बेटे की मौत से मां आस्मां खातून और बुआ शहनाज का रो-रोकर बुरा हाल है।

