खौफनाक: प्रेमी संग पति का रेता गला, रात भर लाश के पास बच्चों संग सोती रही पत्नी

Newswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share

Amroha News - हसनपुर (अमरोहा), संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपलौती कला में एक महिला ने अपने प्रेमी (तहेरे देवर) और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की गला रेतकर

खौफनाक: प्रेमी संग पति का रेता गला, रात भर लाश के पास बच्चों संग सोती रही पत्नी

हसनपुर (अमरोहा), संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपलौती कला में एक महिला ने अपने प्रेमी (तहेरे देवर) और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की गला रेतकर हत्या कर दी। सनसनीखेज बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी रात भर पति की लाश के बगल वाली चारपाई पर अपने दो मासूम बच्चों के साथ सोती रही। रविवार सुबह राज-मिस्त्री का शव अपने ही घर के बरामदे में हाथ-पैर बंधी हालत में चारपाई पर पड़ा मिला। बयानों में उलझी पत्नी ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

गांव निवासी महराज (28) दिल्ली में राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी शादी करीब 6 वर्ष पूर्व थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव ढक्का निवासी रूही से हुई थी। इनके दो बेटे (4 साल और 2 साल) हैं। पुलिस के मुताबिक, रूही का शादी से पहले से ही अपने रिश्ते के देवर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उसी से निकाह करना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने महराज से शादी कर दी। महराज जब भी घर आता, पत्नी के इस अवैध संबंध का विरोध करता था। महराज इस बार ईद पर घर आया था। शनिवार रात जब वह बरामदे में सो रहा था, तब पत्नी रूही ने उसे खाने में नशीली दवा दे दी। महराज के बेसुध होते ही रूही ने अपने प्रेमी और उसके साथी को घर बुला लिया। तीनों ने मिलकर पहले महराज के हाथ-पैर बांधे और फिर छुरे से उसका गला रेत दिया। विरोध करने पर उसके पेट और शरीर पर भी कई वार किए गए। रविवार सुबह जब महराज के पिता मोमीन घर पहुंचे, तो बरामदे में खून से लथपथ लाश देख उनके होश उड़ गए। उस वक्त भी रूही बगल की चारपाई पर चादर तानकर सो रही थी।बयानों में उलझी तो खुला राजशुरुआत में रूही ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी कि किसी ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया था। लेकिन घटना के वक्त भी आराम से सोते पाए जाने पर शक की सुई उसकी ओर घूम गई। कड़ाई से पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने रूही, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।पिपलौती कला में राजमिस्त्री की हत्या के मामले में उसकी पत्नी रूही ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।