एक और ट्रू-नॉट मशीन मिली, एक बार में चार मरीजों की होगी जांच
Amroha News - इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने अमरोहा स्वास्थ्य विभाग को उच्च क्षमता की ट्रू-नॉट मशीन दी है, जो एक बार में चार मरीजों की जांच कर सकती है। यह मशीन सीएचसी लैब में स्थापित की गई है और टीबी के लक्षण वाले लोगों की त्वरित जांच में मदद करेगी। इससे इलाज में तेजी आएगी।

अमरोहा, संवाददाता। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने स्वास्थ्य विभाग को उच्च क्षमता की ट्रू-नॉट मशीन उपलब्ध कराई है। एक बार में चार मरीजों की जांच करने की क्षमता से लैस मशीन अमरोहा सीएचसी की लैब में स्थापित की गई है। इससे टीबी की जांच को रफ्तार मिलेगी। मशीन टीबी के लक्षण वाले लोगों की जांच कर इलाज शुरू करने में मददगार साबित होगी। स्वास्थ्य विभाग राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी के पूरी तरह से खात्मे के लिए अभियान चला रहा है। इसके लिए जिले की सभी सीएचसी-पीएचसी समेत आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर टीबी की जांच व इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
ताकि शुरुआती लक्षणों के आधार पर ही जांच कर मरीजों का समय से इलाज शुरू किया जा सके। विभाग को सहयोग करते हुए आईओसीएल ने एक उच्च क्षमता की ट्रू-नॉट मशीन उपलब्ध कराई है। इससे एक बार में ही चार मरीजों की जांच की जा सकेगी। टीबी के लक्षण वाले लोगों की त्वरित जांच और बेहतर परिणाम के लिए मशीन अमरोहा सीएचसी की लैब में स्थापित की गई है। सीएचसी में पहले से उपलब्ध ट्रू-नॉट मशीन को जोया सीएचसी में शिफ्ट किया गया है। इसके साथ ही जिले की सभी सीएचसी पर अब टीबी की ट्रू-नॉट जांच की सुविधा उपलब्ध है। सीएमओ डॉ.योगेंद्र सिंह ने बताया कि अमरोहा सीएचसी से जोया सीएचसी में शिफ्ट की गई ट्रू-नॉट मशीन एक बार में दो मरीजों की जांच करने में सक्षम है। इसके मुकाबले नई मशीन ज्यादा बेहतर है। इससे टीबी के लक्षण वाले लोगों खासकर बुजुर्गों की जांच कर बीमारी की पुष्टि होने पर उनका इलाज शुरू करने में काफी मदद मिलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


