
मां गंगा का दुग्धाभिषेक संग हसनपुर के पूठ-पौरारा घाट पर मेले का शुभारंभ
संक्षेप: Amroha News - हसनपुर, रहरा में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मां गंगा पुष्पावती पूठ धाम और पौरारा घाट पर ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ हवन और दुग्धाभिषेक के साथ हुआ। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और मेले की व्यवस्थाओं की देखरेख की।
हसनपुर, रहरा। तहसील क्षेत्र के मां गंगा पुष्पावती पूठ धाम सतेड़ा व रहरा क्षेत्र के पौरारा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले ऐतिहासिक मेले का सोमवार शाम हवन व दुग्धाभिषेक के संग शुभारंभ हुआ। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी व सीओ दीप कुमार पंत ने मां गंगा की आरती की। विधायक ने कहा कि दोनों ही मेले काफी प्राचीन हैं। लाखों लोगों की आस्था यहां से जुड़ी हुई है। बताया कि कई वर्ष में पहली बार पूठ धाम पर गंगा की मुख्य धार में मेला लग रहा है। उन्होंने मेले पर सभी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश अफसरों को दिए।

कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए। घाट पर सुरक्षा का पर्याप्त बंदोबस्त किया जाए। किसी हादसे के मद्देनजर गोताखोर व नाव तैनात की जाएं। गहरे पानी के लिए संकेतक लगाए जाएं, जिससे कि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से स्नान कर सकें। इस दौरान विधायक पुत्र देवेंद्र खड़गवंशी, कल्याण सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष यशपाल खड़गवंशी, संजय राणा, नंदन खड़गवंशी, करन सिंह, भूरे सिंह आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व रहरा के पौरारा घाट पर हवन-पूजन एवं मां गंगा मैया की आरती कर मेले का शुभारंभ किया। यहां भी विधायक ने अफसरों को साफ-सफाई समेत अन्य सभी बिन्दुओं पर चाक-चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए। गंगेश्वरी ब्लाक प्रमुख राजेंद्र खड़गवंशी, राजीव गोयल, चीनी मिल डायरेक्टर सतेंद्र त्यागी, बीडीओ अश्विनी कुमार, थाना प्रभारी अतवीर सिंह चौहान, धर्मपाल सिंह, चरन सिंह, विजेंद्र कुमार, मुजम्मिल अली, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




