हसनपुर। हिन्दुस्तान संवाद
रविवार को नगर के एक बैंक्वेट हॉल में कंबल वितरण समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से फायर करने के आरोपी मानवाधिकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी सिंह राठौर को पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपी घर से फरार बताया जा रहा है।
रविवार दोपहर नगर के बैंक्वेट हाल में कंबल वितरण समारोह चल रहा था। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खडगवंशी कंबल वितरण के बाद घर चले गए। इस दौरान यहां मौजूद मेरठ निवासी शिवाजी सिंह राठौर ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कई राउंड हवाई फायर कर दिए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कोतवाल नीरज कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिया है। आरोपी घर से फरार है। राठौर मेरठ का रहने वाला है। लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है। शिवाजी सिंह राठौर मानवाधिकार संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताया जा रहा है।