सिलेंडर के लिए भीड़ छंटी, केवाईसी के लिए लाइन बरकरार
Amroha News - हसनपुर में गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ कम हो गई है, क्योंकि होम डिलीवरी बढ़ा दी गई है। हालाँकि, केवाईसी और गैस बुकिंग के लिए अभी भी लंबी लाइनें हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है और जल्द ही केवाईसी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

हसनपुर, संवाददाता। गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर भीड़ छंटने लगी है। हालांकि, केवाईसी व गैस बुकिंग कराने के लिए एजेंसी कार्यालयों पर अभी भी उपभोक्ताओं की लाइन लग रही है। ईरान-इजरायल व अमेरिका युद्ध शुरू होने के साथ नगर में गैस का संकट शुरू हो गया था। रोज सुबह गैस एजेंसियों को कार्यालयों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लग रही थी। कई-कई दिन की कोशिश के बाद भी सिलेंडर हाथ नहीं आ रहा था। नाराज उपभोक्ताओं ने तीन बार गजरौला मार्ग भी जाम किया था। लेकिन, पिछले तीन-चार दिन से होम डिलीवरी बढ़ा दी गई है। जिसके चलते एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ नहीं लग रही है।
यह दीगर है कि दस-पांच उपभोक्ता अभी भी एजेंसियों पर गैस लेने पहुंच रहे हैं। गैस की पर्याप्त आपूर्ति होने की वजह से उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए अब ज्यादा धक्के नहीं खाने पड़ रहे। लेकिन, केवाईसी व बुकिंग कराने के लिए अभी भी एजेंसियों के कार्यालयों पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग रही है। शुक्रवार को सचिन इंडेन गैस एजेंसी व हसनपुर इंडेन गैस एजेंसी के कार्यालय पर केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही। पूर्ति अधिकारी मोहित चौधरी ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है। गैस बुकिंग करने के निर्धारित अवधि के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी की जा रही है। हां, कुछ उपभोक्ता ऐसे हैं जिनकी केवाईसी नहीं हुई है। ऐसे उपभोक्ता केवाईसी करा रहे हैं, जिससे कार्यालयों पर लाइन लगी नजर आ रही है। लेकिन जल्द ही इस समस्या को भी दूर कर दिया जाएगा। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि एजेंसियों के कार्यालयों पर केवाईसी कराने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अब गैस को लेकर कहीं से कोई शिकायत नहीं मिल रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


