
लोन दिलाने का झांसा देकर युवक से 7.50 लाख की ठगी
Amroha News - जोया में एक युवक से 35 लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर 7.50 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपी ने खुद को सीए बताकर पीड़ित से पैसे और चेकबुक रख लिए। लोन नहीं मिलने पर पैसे लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने...
जोया, संवाददाता। 35 लाख का लोन दिलाने का झांसा देकर युवक से 7.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। इतना ही नहीं खुद को सीए बताने वाले आरोपी ने बैंक में खाता खुलवाने के बाद चेकबुक और एटीएम भी अपने पास रख लिया। सादे चेक पर हस्ताक्षर भी करा लिए। लोन नहीं मिलने पर पीड़त ने पैसे मांगे तो लौटाने से मना कर दिया। मामले में एसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के कस्बा जोया स्थित मोहल्ला अजीज नगर का है। यहां रहने वाले अताउर्रहमान का आरोप है कि दो अप्रैल 2025 को उसकी मुलाकात शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटकुई निवासी यासिर व उसके साथियों से हुई थी।

यासिर ने खुद को सीए बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह 35 लाख रुपये का लोन बेहद कम ब्याज पर उसे दिला देगा। कई बैंकों में अपनी अच्छी जान-पहचान बताई। उसकी बातों पर विश्वास कर यासिर ने अलग-अलग तारीख में फाइल चार्ज व अन्य खर्च के नाम पर पीड़ित से कुल 5.86 लाख 550 रुपये बैंक खातों में तथा 1.64 लाख रुपये नकद ले लिए। इतना ही नहीं पीड़ित से बैंक खाता खुलवा कर चेक बुक और एटीएम भी अपने पास रख लिया। आरोप है कि तकादा करने के बाद भी यासिर व उसके साथी रकम और चेक बुक वापस नहीं कर रहे। पीड़ित ने चेक बुक व रुपये लौटाने की मांग की तो यासिर ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि यासिर लोगों को इसी तरह लोन दिलाने के नाम पर ठगी करता है। उसने गिरोह बना रखा है। ठगी के शिकार पीड़ित ने शिकायत एसपी अमित कुमार आनंद से की थी। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी यासिर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित से साक्ष्य मांगे गए हैं, जांच कर अग्रिम कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


