
पूर्व विधायक पर सभासद के साथ मारपीट व कपड़े फाड़ने का आरोप, कोर्ट ने स्वीकार किया परिवाद
Amroha News - पूर्व विधायक हरपाल सिंह और सभासदों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सभासद कपिल चौधरी ने हरपाल सिंह, उनके पुत्र और भतीजे पर मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में शिकायत की है। मामला सीजेएम कोर्ट में स्वीकार कर लिया गया है और अगली सुनवाई 20 दिसंबर को होगी।
पूर्व विधायक हरपाल सिंह व सभासदों के बीच चल रही जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब सभासद ने पूर्व विधायक व उनके पुत्र समेत तीन लोगों पर मारपीट करने व कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए कोर्ट की शरण ली थी। सीजेएम कोर्ट ने मामले को परिवाद के रूप में स्वीकार कर लिया है, साथ ही पत्रावली को क्षेत्रधिकारी मंडी धनौरा से संबंधित कोर्ट में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है। दरअसल, गजरौला नगर पालिका के सभासदों और पूर्व विधायक एवं चेयरपर्सन पति हरपाल सिंह के बीच खींचतान चल रही है। बीते दिनों पूर्व विधायक ने सभासदों पर रंगदारी मांगने समेत कई आरोपों में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया था।
अब मामले में सभासद कपिल चौधरी ने पूर्व विधायक व उसके बेटे प्रमोद व भतीजे विपिन सागर पर मारपीट करने व कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए कोर्ट की शरण ली थी। कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र में सभासद ने कहा कि वह 15 जुलाई की शाम नगर पालिका गए थे। वहां पहले से ही मौजूद पूर्व विधायक व उनके बेटे तथा भतीजे ने बेवजह गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर मारपीट की तथा कपड़े तक फाड़ दिए। शिकायत थाने से लेकर एसपी स्तर तक की लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कपिल ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश करने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान सीजेएम कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ परिवाद स्वीकार कर लिया है। सुनवाई की अगली तारीख 20 दिसंबर नीयत की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




