Amroha News: सेहत से खिलवाड़ : हसनपुर की आटा मिल में पीसा जा रहा था कीड़े वाला गेहूं
Amroha News: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कनेटा रोड पर स्थित आटा मिल में निरीक्षण किया, जहां कीट ग्रस्त गेहूं मिला, जिसे नष्ट किया गया। कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और वैध पंजीकरण में कमी पाई गई। संचालकों को कारोबार बंद करने और सुधार के लिए निर्देश दिए गए।

Amroha News: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। नगर के कनेटा रोड स्थित आटा मिल में निरीक्षण के दौरान कीट ग्रस्त गेहूं मिलने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया। परिसर में गंदगी और मशीनों व दीवारों पर जाले भी मिले। वहीं, ढवारसी का किराना स्टोर बिना वैध खाद्य पंजीकरण के संचालित मिला। टीम ने नमक का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने बताया कि भारत विटफ्लोर के निरीक्षण के दौरान यहां गेहूं और चावल को मिलाकर पीसने की स्थिति मिली। मशीनों और दीवारों पर जाले व गंदगी थी।
गेहूं में काफी मात्रा में कीड़े पाए गए। खराब गुणवत्ता वाले गेहूं का उपयोग किए जाने पर टीम ने कीट ग्रस्त गेहूं को मौके पर ही नष्ट कराया। संचालक को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार होने तक कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए। नगर की डेयरी के स्टोर में कारोबार बंद मिलने पर संचालक को लाइसेंस सरेंडर करने तथा लाइसेंस सरेंडर होने तक किसी भी तरह का खाद्य कारोबार नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। ढवारसी में किराना स्टोर की जांच में प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य पंजीकरण के संचालित मिला। हालांकि, मौके पर शिकायत के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री नहीं मिली। परिसर में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी कमियां मिलीं। मीरा सिंह ने बताया कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

