ट्रांसपोर्टर के बंद घर में लगी आग, लाखों का सामान खाक
ट्रांसपोर्टर के बंद घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। दस लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। ट्रांसपोर्टर ने घर में चोरी के बाद आग लगाए जाने का...
गजरौला। हिन्दुस्तान संवाद
ट्रांसपोर्टर के बंद घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। दस लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। ट्रांसपोर्टर ने घर में चोरी के बाद आग लगाए जाने का अंदेशा जताया है। सूचना पुलिस को दी गई है।
जानकारी के अनुसार शहर के मोहल्ला लक्ष्मीनगर निवासी ट्रांसपोर्टर अनवार चौधरी परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। गजरौला में अपने मकान पर वह स्वयं और अन्य परिजन बहुत कम आते हैं। उनके बेटे अनस का मकान पर आना जाना रहता है। अनस दस दिन पहले मकान पर आया था। रविवार सुबह आसपास के लोगों को उनके घर से धुआं निकलता दिखा। जानकारी फोन पर ट्रांसपोर्टर को दी गई। उन्होंने अपने परिचितों को मौके पर भेजा। मकान खोलकर देखा तो अंदर सारा सामान जल चुका था। मकान के दरवाजों तक में आग लगी थी। ट्रांसपोर्टर के मुताबिक आग लगने से घर में रखा दस लाख रुपये से अधिक का सामान जला है। उन्होंने घर में चोरी के बाद आग लगाने का अंदेशा जताया। सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने तहरीर मिलने पर जांच व कार्रवाई करने की बात कही।
