Amroha News: नोएडा में सड़क हादसे में घायल नौगावां सादात के युवक ने दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ा
Amroha News: नोएडा के सेक्टर-62 में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल 26 वर्षीय मोहम्मद अस्करी की शुक्रवार देर रात सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। वह एक निजी कंपनी में काम करता था। चार दिन पहले अस्करी ड्यूटी से निकलने के बाद गायब हो गया था। स्थानीय पुलिस ने उसकी पहचान उसके कार्ड के जरिए की।

Amroha News: चार दिन पूर्व नोएडा के सेक्टर-62 में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल कस्बा निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद अस्करी की शुक्रवार देर रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम नौगावां सादात पहुंचे शव को परिजनों ने सुपुर्दे खाक कर दिया। जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी मेराज हुसैन का बेटा मोहम्मद अस्करी परिवार के साथ नोएडा में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई अली हैदर नोएडा में एक कॉल सेंटर में नौकरी करता है। परिजनों के मुताबिक, चार दिन पहले अस्करी ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा।
पिता ने फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। दूसरी तरफ नोएडा पुलिस ने सड़क हादसे के बाद युवक को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके पास नौगावां सादात का एक कार्ड मिला। कार्ड के आधार पर नोएडा पुलिस ने अगले दिन नौगावां सादात पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उस वक्त पहचान नहीं हो सकी। शाम को स्थानीय व्हाट्सऐप ग्रुप में कार्ड की तस्वीर साझा होने पर युवक की पहचान मोहम्मद अस्करी के रूप में हुई और परिजनों को सूचना दी गई। परिजन नोएडा पहुंचे और उसे सफदरजंग अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई। जवान बेटे की मौत से मां शजर फात्मा समेत परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम पहुंचे शव को परिजनों ने सुपुर्दे खाक कर दिया।


