होर्डिंग का फ्रेम लगा रहे मजदूर की हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर मौत
Amroha News - गांव ढकिया चमन में शुक्रवार सुबह होर्डिंग लगाते समय 50 वर्षीय मजदूर रोहताश करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने हाइड्रा चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। रोहताश मुरादाबाद जिले के निवासी थे और उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है।

जोया, संवाददाता। नेशनल हाईवे पर गांव ढकिया चमन के पास शुक्रवार सुबह करीब सात बजे होर्डिंग टांगने के लिए लोहे का फ्रेम लगाते समय हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर 50 वर्षीय मजदूर रोहताश की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। परिजनों ने हाइड्रा चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतक रोहताश कुमार मुरादाबाद जिले के मझौला थाना क्षेत्र के नया गांव के निवासी थे। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि छोटे भाई अभिलाष कुमार रामपुर में डीआईओएस कार्यालय तैनात हैं।
परिवार में पत्नी सुनीता देवी और एक बेटा प्रशांत कुमार हैं। पुलिस के मुताबिक रोहताश चुनाव व अन्य प्रचार सामग्री के होर्डिंग लगाने का काम करते थे। शुक्रवार सुबह गांव ढकिया चमन में होर्डिंग का फ्रेम लग रहा था। इसी दौरान हाइड्रा चालक ने लिफ्ट को जरूरत से ज्यादा ऊपर उठा दिया, जिससे रोहताश ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगते ही रोहताश गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, स्थानीय लोगों की मदद से रोहताश को जोया सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बालियान ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे जांच व कार्रवाई करने की बात कही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


