किसानों की समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट पर दिया धरना
Amroha News - अमरोहा में भाकियू शंकर के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट का घेराव किया। धरने में अफसरों पर अनदेखी का आरोप लगाया गया। किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर समस्याओं का समाधान करने की मांग की। महाशिवरात्रि के बाद अगला कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई।

अमरोहा। भाकियू शंकर पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट का घेराव कर विरोध जताया। कलक्ट्रेट परिसर में तीन घंटे से अधिक समय तक धरना दिया। जिम्मेदार अफसरों पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। धरना स्थल पर डीसीओ, जिला कृषि अधिकारी, डीडीएम नाबार्ड मुरादाबाद, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड अमरोहा, कानूनगो चकबंदी के अलावा थानाध्यक्ष अमरोहा देहात के साथ ही पुलिस बल मौजूद रहा। वार्ता के बाद कार्यकारिणी ने धरने को स्थगित कर महाशिवरात्रि के बाद अगला कार्यक्रम करने की रणनीति बनाई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है।
चकबंदी विभाग लूटबंदी कर रहा है। फसलों का उचित मूल्य किसानों को नहीं मिल पा रहा है। खाद, बीज, बिजली और डीजल की बढ़ती कीमतों ने खेती को घाटे का सौदा बना दिया है। गन्ना घटतौली लगातार जारी है। फसल बीमा और मुआवजा नहीं मिलने से किसान गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। छुट्टा पशुओं से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है लेकिन प्रशासन समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर रहा है। आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं जरूरतमंद किसानों तक नहीं पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर गंभीर मुद्दों का समाधान कराए जाने की मांग की। डीएम को भी इस बावत अवगत कराया। चौधरी विक्रम पवार की अध्यक्षता व प्रदेश प्रवक्ता सत्यवीर सिंह के संचालन में धरने के दौरान चौधरी धर्मवीर सिंह, चौधरी नेमपाल सिंह, वीर सिंह चौहान, लोकेश प्रधान, अमित गुर्जर, समरपाल सैनी, नैपाल सिंह, मनोज कश्यप, जयवीर सिंह, वीरपाल सिंह, नकुल पवार, डॉ.अहमद राजा आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



