बिजली और खाद की किल्लत में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावंनी
मंडी धनौरा में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की पंचायत आयोजित की गई। किसानों ने बिजली की कमी, छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान और उच्च ब्याज दरों के खिलाफ नाराजगी जताई। नेताओं ने 16-18 घंटे बिजली, उचित पशु व्यवस्था और खाद की उपलब्धता की मांग की। आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।

मंडी धनौरा। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट पदाधिकारियों की पंचायत स्थानीय बिजली उपकेंद्र पर आयोजित की गई। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन व संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई गई। पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी आलोक सिंह ने कहा कि धान व अन्य फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को प्रतिदिन कम से कम 16 से 18 घंटे बिजली मिलनी चाहिए। कहा कि मौजूदा बिजली आपूर्ति किसानों के लिए पर्याप्त नहीं है, इससे फसलें प्रभावित हो रही हैं। चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करेंगे।
छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। प्रशासन से मांग की गई कि छुट्टा पशुओं के लिए उचित व्यवस्था की जाए। जिला सहकारी बैंक द्वारा किसानों से अधिक ब्याज वसूलने पर भी नाराजगी जताई। ब्याज दर सात प्रतिशत से घटाकर तीन प्रतिशत करने की मांग की। तहसील प्रशासन से अंश खतौनियों में हो रही गड़बड़ियों को जल्द ठीक कराने की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को एनपीके और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। खाद की कमी होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। इस दौरान रामवीर सिंह, राजवीर सिंह, सचिन, राजेंद्र सिंह, जोगिंदर सिंह, संजय, मुकेश, विकास, अरुण आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


