
गेहूं बुआई के लिए मुहैया कराया जाए खाद-बीज
Amroha News - हसनपुर में भारतीय किसान यूनियन असली की पंचायत में किसानों ने गेहूं बुआई के लिए एनपीके और डीएपी खाद तथा बीज की उपलब्धता की मांग की। गन्ना मूल्य में 30 रुपये की वृद्धि को नाकाफी बताते हुए 500 रुपये प्रति कुंतल की मांग की गई। किसानों ने आवारा कुत्तों और सांडों के हमलों के खिलाफ प्रशासन से कार्रवाई की अपील की।
हसनपुर, संवाददाता। मंडी समिति में गुरुवार को आयोजित भारतीय किसान यूनियन असली की मासिक पंचायत में वक्ताओं ने गेहूं बुआई के लिए पर्याप्त एनपीके एवं डीएपी खाद तथा बीज उपलब्ध कराने की मांग की। कहा कि सहकारी समितियों पर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वक्ताओं ने गन्ना मूल्य में हुई 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि को नाकाफी बताते हुए गन्ने का दाम 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की गुहार लगाई। तहसील अध्यक्ष समरपाल सिंह ने कहा कि बिजली के स्मार्ट मीटर गलत बिल निकाल रहे हैं, ऐसे में स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं। गोवर्धन सिंह ने आवारा कुत्ते व सांड पकड़वाने की मांग की।
कहा कि आए दिन कुत्ते व सांड के हमलों में किसानों की मौत हो रही हैं। इसके बावजूद भी प्रशासन कुत्ते व सांड पकड़वाने को गंभीरता से नहीं ले रहा है। चौधरी परम सिंह ने जर्जर सड़कों से गन्ना ढुलाई में परेशानी का जिक्र करते हुए तत्काल सड़क निर्माण या मरम्मत की मांग की। चेतावनी दी कि उक्त समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मोहम्मद उमर, सुखीराम चौहान, ओम प्रकाश सिंह, शूरवीर सिंह, कमल सिंह, रमेश चंद्र, धर्मपाल सिंह, जय सिंह, मेवाराम सिंह आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




