
उधार के रुपये मांगने पर किसान की पत्नी, बेटे व मां पर हमला, छेड़छाड़ कर गहने लूटने का आरोप
Amroha News - अमरोहा में एक किसान की पत्नी ने उधार के रुपये मांगने पर गांव के छह लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया। मारपीट के दौरान महिला के साथ छेड़छाड़ भी की गई। पुलिस ने अदालत के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मामला...
अमरोहा, संवाददाता। उधार के रुपये मांगने पर किसान की पत्नी, बेटे व मां पर हमला कर दिया गया। मारपीट के दौरान विरोध करने पर महिला के साथ छेड़छाड़ भी की गई। बचाव में आए किसान के बेटे और उनकी मां को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने अदालत के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना नौगावां सादात थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां पर एक किसान का परिवार रहता है। उनकी पत्नी ने अदालत के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि बीती सात अगस्त की शाम सात बजे गांव के ही रहने वाले हुकम सिंह, राम भरोसे, सुमित, कुलदीप, ताराचंद, नरेश से अपने दामाद के उधार वाले 24 हजार रुपये मांगने गई थी।

आरोपियों ने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया। इस दौरान किसान की पत्नी ने दबाव बनाया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की। महिला का आरोप है कि उनके साथ छेड़छाड़ की गई, सोने के कुंडल और नाक की लौंग लूट ली। बचाव में आए किसान के बेटे योगेश और सास कृष्णा को भी पीटकर घायल कर दिया। मामले में किसान की पत्नी ने पुलिस से शिकायत की लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा उन्होंने अदालत की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम के आदेश पर हुकम सिंह, रामभरोसे, सुमित, कुलदीप, ताराचंद और नरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




