
संजीव प्रकरण में नया मोड़, नामजद की गिरफ्तारी पर दी आंदोलन की धमकी
Amroha News - हसनपुर में संजीव की आत्महत्या मामले में नया मोड़ आया है। किसान संगठन ने नामजद आरोपी को निर्दोष बताया है और पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तो आंदोलन करेंगे। संजीव का शव 20...
हसनपुर, संवाददाता। थाना सैदनगली के गांव बेगपुर मुंडा निवासी संजीव सुसाइड प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के नामजद आरोपी को निर्दोष बताते हुए एक किसान संगठन उसके साथ खड़ा हो गया है। सैदनगली पुलिस को चेतावनी दी गई है कि निर्दोष को गिरफ्तार किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में किसान संगठन के एक आला पदाधिकारी का वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के मुताबिक सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव बेगपुर मुंडा निवासी 30 वर्षीय संजीव पुत्र ओमप्रकाश का शव 20 अगस्त को खेत पर फांसी के फंदे पर लटका मिला था।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव निवासी हरि सिंह सैनी, अरुण, बुद्ध प्रकाश, रमेश, तरुण व सुरेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया था। बीते समाधान दिवस में मृतक संजीव के भाई कुलदीप कुमार ने एसपी से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि आरोपी एक किसान संगठन से जुड़े हैं, इसलिए पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। अभी तक नामजद कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। आरोपी अब परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसपी ने मामले में जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया था। गुरुवार को इस मामले में किसान संगठन के एक आला पदाधिकारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया। बताया कि उनके निर्दोष कार्यकर्ता को झूठा फंसाया गया है। पुलिस ने अगर उसे गिरफ्तार किया तो आंदोलन किया जाएगा। सैदनगली थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


