Amroha News: बाढ़ का पानी घटा तो बाहे नाले के दबाव से फिर शुरू हुआ कटान
Amroha News: बाढ़ का पानी घटने के बाद गंगा खादर क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में कटान फिर से शुरू हो गया है। ग्रामीणों में चिंता और दहशत का माहौल है क्योंकि किसानों की कृषि भूमि खतरे में है। प्रशासनिक टीम की अनुपस्थिति से ग्रामीण नाराज हैं, और वे तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Amroha News: बाढ़ का पानी कम होने के बाद अब बाहे नाले के पानी के दबाव से गंगा खादर क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर में एक बार फिर कटान शुरू हो गया है। गंगा किनारे की जमीन लगातार कटकर पानी में समा रही है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आसपास के खेतों को भी नुकसान पहुंचने की चिंता सता रही है। ग्रामीणों के मुताबिक इसके पहले भी इब्राहिमपुर क्षेत्र में गंगा के कटान की समस्या सामने आई थी। सिंचाई विभाग की ओर से कटान रोकने के लिए कट्टे आदि लगाकर बचाव कार्य कराया गया था। इसके बाद कुछ समय के लिए कटान थम गया था, लेकिन बाढ़ का पानी कम होने के बाद बाहे नाले में पानी का दबाव बढ़ने से कटान ने फिर जोर पकड़ लिया है।
कटान की सूचना पर गुरुवार को नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इसके बाद बाढ़ खंड विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू करेगी लेकिन शुक्रवार को टीम के गांव नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी रही। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटान रोकने के उपाय नहीं किए गए तो कृषि भूमि गंगा में समा सकती है। भारतीय किसान यूनियन असली गुट के जिला उपाध्यक्ष राकेश ने कहा कि कटान की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। मौके पर बाढ़ खंड विभाग की टीम भेजकर प्रभावी बचाव कार्य कराया जाए। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कटान रोकने का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो संगठन ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। कटान के लगातार बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ती जा रही है।


