Amroha News: बदलाव का पर्याय बनीं महिलाओं का हिन्दुस्तान ने किया सम्मान
Amroha News: महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की प्रभावशीलता पर हिंदुस्तान समाचार ने संवाद का आयोजन किया। मिशन शक्ति के तहत सम्मानित 15 महिलाओं ने आर्थिक व सामाजिक बदलाव की मिसाल पेश की। वक्ताओं ने बताया कि यह केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज में सोच के बदलाव का माध्यम है। महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए मुखर होने की सलाह दी गई।

Amroha News: महिला सशक्तिकरण संग उनके लिए संचालित सरकारी योजनाएं धरातल पर कितनी प्रभावी हुईं, इसको लेकर हिन्दुस्तान समाचार पत्र ने शुक्रवार दोपहर विकास भवन सभागार में संवाद का आयोजन किया। मिशन शक्ति के साथ जुड़कर आर्थिक व सामाजिक रूप से बदलाव का पर्याय बनकर उभरीं 15 महिलाओं को विशेष सम्मान दिया गया। मुख्य अतिथि सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा समेत परियोजना निदेशक अंबरीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन ने महिलाओं को सम्मानित कर लगातार आगे कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। हिन्दुस्तान समाचार पत्र की पहल को सराहते हुए वक्ताओं ने कहा कि मिशन शक्ति सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज की सोच में बदलाव लाने का मिशन है। महिलाओं और बेटियों को बताया गया कि आप कमजोर नहीं हैं, आप ही शक्ति हैं। किसी भी तरह की हिंसा, उत्पीड़न या भेदभाव को सहने की नहीं बल्कि मुखर होकर अपना हक मांगने की जरूरत है। आपके साथ कुछ भी गलत होने पर चुप न रहें। अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी जरूर दें। इंसाफ पाने के लिए खुद से सशक्त एवं शक्तिशाली बनें। हिम्मत रखते हुए कुछ बेहतर करने की सोच ही जीवन में आपको आगे बढ़ाएगी। अपने-अपने गांव, कस्बे व शहर में दूसरी महिलाओं व बेटियों को भी इस ओर लगातार जागरूक करें। उन्हें हिम्मत बंधाए कि वह भी निडर होकर बिना किसी रूकावट अपने हक और सम्मान को पाने के लिए लगातार प्रयासरत रहें। शासन स्तर पर चलाई जा रहीं योजनाओं का लाभ जरूर लेते हुए कामयाबी की नई इबारत गढ़ें। बताया कि हर थाने पर महिला शक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, ऐसे में समय पर अपनी किसी भी शिकायत को वहां तक जरूर पहुंचाएं ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। महिला हिंसा व घरेलू अपराध को रोकने के लिए किशोरियों को जागरूक कर उन्हें अच्छे या बुरे की पहचान करने की समझ विकसित करने के लिए प्रेरित करें.
बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक के लिए योजनाएं : सीडीओ
अमरोहा। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को नई दिशा देने वाला मिशन शक्ति अभियान अब केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का मजबूत माध्यम बन चुका है। इस अभियान ने बेटियों और महिलाओं को मजबूत सुरक्षित माहौल देने के साथ-साथ उन्हें आत्मरक्षा, आर्थिक सशक्तीकरण व आत्मविश्वास की नई पहचान भी दी है। इस बदलाव व महिलाओं शक्ति के अदम्य साहस को सम्मान देने के लिए हिन्दुस्तान समाचार पत्र भी प्रशंसा का पात्र है। बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न रोजगारपरक कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। महिलाओं को इनका लाभ उठाकर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए.
महिलाओं के प्रति समाज का नजरिया बदला : पीडी
अमरोहा। परियोजना निदेशक अंबरीश कुमार ने कहा कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किए जाने की हिन्दुस्तान समाचार पत्र की पहल सराहनीय है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम हैं। मिशन शक्ति अभियान ने नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के तीनों उद्देश्यों पर उल्लेखनीय कार्य किया है। महिलाओं के प्रति समाज का नजरिया अब बदला है वहीं महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वरोजगार से जुड़ना चाहिए.
योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बने नारी शक्ति : पंखुरी जैन
अमरोहा। जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन ने आयोजन की सराहना की। कहा कि शासन स्तर पर चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं की जानकारी आज महिलाओं को लगातार दी जा रही है। हमेशा यही प्रयास रहता है कि हम और हमारी टीम सभी को सही समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने का काम करें। शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनना चाहिए.
महिलाओं को स्वाबलंबी बना रहा मिशन शक्ति : जग्गा
अमरोहा। जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य व वरिष्ठ समाजसेवी अनिल कुमार जग्गा ने मिशन शक्ति को सुरक्षा व सशक्तिकरण के माध्यम से बालिकाओं व महिलाओं को स्वाबलंबी बनाने की मुहिम बताया। कहा कि मिशन शक्ति की शुरुआत के बाद से बालिकाएं व महिलाएं अपने अधिकार और कानून के प्रति जागरूक हुई हैं। छोटे-छोट समूह बनाकर न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि उनमें आर्थिक-सामाजिक स्वावलंबन की भावना का भी विकास हुआ है। मिशन शक्ति का ही नतीजा है कि महिलाओं व बच्चियों से संबंधित मामलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की जा रही है। छेड़छाड़ व दुष्कर्म जैसे मामलों में दोषियों को प्राथमिकता से सजा दिलाई जा रही है.
1-समूह से जुड़ने के बाद जीवन में बड़ा बदलाव आया है। पहले आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन जब से रेडीमेड की दुकान संचालित की है, तब से आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनना चाहिए।
सुनीता, सला नंगला
2-आत्मनिर्भर बनने के लिए ई-रिक्शा शोरुम खोला है। पति के साथ मिलकर काम करती हैं। साल में पांच लाख रुपये से अधिक की आमदनी हो रही है। आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। महिलाओं को घर के चौका बर्तन व खाना बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। खुद अपने पैरों पर खड़े होना चाहिए।
शिक्षा चौहान, गजाना
3-लोन व खुद के पैसे लगाकर कास्मेटिक की दुकान खोली है। अब धीरे-धीरे दुकान चलने लगी है। हर माह 30 हजार रुपये से अधिक की आमदनी हो रही है। इससे पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।
इंद्रावती, हाजरपुर
4-लखपति दीदी पहल ने आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है। 14 महीने पहले 6.68 लाख रुपये के लोन से घर पर ही आटा मिल प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की। पति भी सहयोग कर रहे हैं। फ्लोर मिल से रोजाना पांच कुंतल गेहूं की पिसाई हो रही है। इस रोजगार से आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
अंजू, चुचैला कलां
5-स्वरोजगार से जुड़ने के लिए आटा मिल प्रोसेसिंग यूनिट लगाई है। कारोबार से परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। हर साल तीन लाख रुपये से अधिक की आमदनी हो रही है। आर्थिक स्थिति में सुधार आने से जीवन में खुशहाली भी आई है।
कविता, पारा खालसा
6-परिवार के साथ मिलकर मेडिकल स्टोर संचालित कर रही हूं। ससुर व पति भी सहयोग करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। साल में डेढ़ लाख रुपये से अधिक की कमाई हो जाती है।
सतेंद्री, धनौरी मीर
7-गांव व क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के उद्देश्य से आरओ प्लांट लगाया है। हर माह 30 हजार रुपये तक की कमाई हो रही है। वार्षिक आय तीन लाख 60 हजार रुपये से अधिक है। प्लांट लगाने से जीवन में खुशहाली व आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।
सुधा, मिर्जापुर
8-छह बीघा भूमि में नर्सरी लगा रखी है। नर्सरी में रेड मंझिरा पौध, बोतल ब्रुश व मुरैया की कटिग के पौधे लगाए हैं। तीन साल साल से नर्सरी चला रही हूं। कारोबार से आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।
शशि देवी, धनौरी खुर्द
9-आजीविका मिशन से जिंदगी बदली है। स्ट्रॉबेरी की खेती से अच्छी आमदनी हो रही है। स्ट्रॉबेरी की खेती कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की मिसाल कायम करने का मौका मिला है। अब वार्षिक आय पांच लाख रुपये से अधिक है।
सविता, नसीरपुर शुमाली
10-महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने में मिशन शक्ति अभियान की बड़ी भूमिका है। इस अभियान ने महिलाओं का ताकत दी है। अब किसी भी तरह के उत्पीड़न का शिकार होने पर महिलाएं बेझिझक थाने पहुंच रही हैं क्योंकि उन्हें मालूम है कि वहां उनका दर्द साझा करने के लिए महिला पुलिसकर्मी मौजूद हैं।
पारूल चौधरी, प्रभारी मिशन शक्ति
11-मिशन शक्ति अभियान ने महिलाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनाया है। अभियान के सार्थक परिणाम दिखने लगे हैं। ऐसे सम्मान बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। हिन्दुस्तान समाचार पत्र का यह प्रयास महिलाओं के हौसले को उड़ान देने वाला है।
कृष्णा दाहिमा, प्रभारी मिशन शक्ति केंद्र गजरौला
12-ड्यूटी के दौरान महिलाओं से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना ही प्राथमिकता रहता है। ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए, जो हमें नई ऊर्जा देते हैं। लोग कार्य को सराहते हैं तो हौसला भी बढ़ता है। साथ ही समाज को प्रेरणा भी मिलती है।
अन्नू ठाकुर, मिशन शक्ति केंद्र कोतवाली अमरोहा नगर
13-हिन्दुस्तान समाचार पत्र का यह सम्मान हमारे कार्यों को नई ऊर्जा देता है। यह पहल महिलाओं के उज्जवल भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। मिशन शक्ति अभियान में अब महिलाएं निडर होकर थानों तक पहुंच रही हैं। आज सम्मान पाकर अपने कार्यों पर गर्व हो रहा है।
दीपा चौधरी, मिशन शक्ति केंद्र, थाना डिडौली
14-मिशन शक्ति अभियान ने महिलाओं के भीतर नया आत्मविश्वास जगाया है। सुरक्षा की भावना को भी मजबूती दी है। महिला संबंधित शिकायत पर पूरी जांच के बाद आरोपी पर कार्रवाई ही हमारी प्राथमिकता है। परिवारिक विवादों में यह मन रहता है कि किसी भी सूरत में परिवार को बिखरने से बचाकर जोड़ा जाए। कभी-कभी घंटों तक काउंसलिंग भी करनी पड़ती है।
पायल, मिशन शक्ति केंद्र अमरोहा
15-मिशन शक्ति केंद्र से जुड़ने के बाद पुलिसिंग को नई ऊर्जा मिली है। इस प्लेटफार्म से शिकायतों का त्वरित निस्तारण ही प्राथमिकता है। फीडबैक में जब पीड़िता द्वारा शिकायत के निस्तारण पर संतुष्टि जताई जाती है तो एक अलग ही तरीके का सुकून मिलता है।
गीता कम्बोज, मिशन शक्ति केंद्र नौगावां सादात


