अमरोहा। निज संवाददाता
गणतंत्र दिवस पर एनसीसी टीम समेत पुलिस की आठ टोलियां अपने करतब दिखाएंगी। राष्ट्रीय पर्व पर अपने करतब दिखाने के लिए एंटी रोमियो टीम और मोटर साईकिल स्क्वायड को भी शामिल किया गया है।
पुलिस राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की तैयारियों में जुटी है। आने वाले मंगलवार को गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। शान से तिरंगा फहराया जाएगा। राजनीतिक, गैर राजनीतिक और अन्य संगठनों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल-कॉलेजों के साथ ही पुलिस कर्मी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान पुलिस लाइन में परेड भी होगी। सशस्त्र पुलिस, अभियोजन कार्यालय/ पुलिस कार्यालय, नागरिक पुलिस थानों से, महिला पुलिस की टीम परेड में अपने करतब दिखाएंगी। आरआई महेश चंद थपलियाल का कहना है कि मोटर साईकिल स्क्वायड टीम में 11 उपनिरीक्षक शामिल होंगे। एनसीसी को छोड़कर बाकी टीम में 21-21 सिपाही और एक-एक एसआई को शामिल किया गया है। गणतंत्र को भव्य रूप से मनाने की तैयारियां की जा रही है।