Amroha News: दो किमी लिंक मार्ग बदहाल, दर्जनों गांवों के लोग परेशान
Amroha News: गंगेश्वरी ब्लाक के दढियाल में गंवा चौराहे से गांव तक जाने वाला दो किलोमीटर का लिंक मार्ग जर्जर और गड्ढों से भरा है। इससे दर्जनों गांवों के लोगों को रोजाना अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। श्रद्धालुओं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है। एसडीएम ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को निर्माण के संबंध में लिखा गया है।

Amroha News:
गंगेश्वरी ब्लाक क्षेत्र के दढियाल में गंवा चौराहे से गांव तक जाने वाला करीब दो किलोमीटर लंबा लिंक मार्ग जर्जर हो चुका है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन आने वाला यह मार्ग जगह-जगह से उखड़ गया है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है, जिससे हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।ग्रामीणों के अनुसार यह लिंक मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। खाजेपुर, जीवपुर, मुबारिजपुर, मरोरा, काई मुस्तकम, मलकपुर सहित कई गांवों के लोग रोजाना इसी रास्ते से हसनपुर, गंगेश्वरी और रहरा की ओर आते-जाते हैं। सड़क टूटी होने से लोगों को रोजाना 3 से 4 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में तो हालत और भी खराब हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भरने से फिसलन बढ़ जाती है।
जर्जर सड़क से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित
श्रद्धालुओं और अंतिम यात्रा में भी परेशानी
रहरा। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। प्रसिद्ध हरि बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालु इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। हर साल मेले और विशेष आयोजनों पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिन्हें टूटी सड़क के कारण परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके अलावा गांव से श्मशान घाट तक जाने वाला यही एकमात्र रास्ता है, जिससे अंतिम यात्रा के दौरान भी ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि जर्जर सड़क के कारण आए दिन दोपहिया वाहन सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने की सड़क पुनर्निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
रहरा। क्षेत्र के गांव निवासी सुनील शर्मा, फूल सिंह, ऋषिपाल सिंह, सुरेश चौधरी, सुशील शर्मा, चोखेलाल, वासुदेव सिंह, प्रभु सिंह आदि ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण कर इस दो किलोमीटर लिंक मार्ग का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि दर्जनों गांवों के लोगों, स्कूली बच्चों और हरि बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। समस्या समाधान न ओने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसडीएम ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया
मार्ग जर्जर होने से लोगों को परेशानी होना स्वभाविक है। इसके निर्माण के संबंध में विभागीय अधिकारियों को लिखा गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। हिमांशू उपाध्याय, एसडीएम

