नगर पालिका अमरोहा के ठेकेदार का मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 90 हजार
Amroha News - साइबर अपराधियों ने अमरोहा के ठेकेदार फैसल जफर का मोबाइल हैक कर उनके खाते से 90 हजार रुपये चुरा लिए। जाल में फंसाने के लिए अपराधियों ने उन्हें योनो एसबीआई ऐप भेजा। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

साइबर अपराधियों ने नगर पालिका अमरोहा के ठेकेदार का मोबाइल हैक कर खाते से 90 हजार रुपये उड़ा लिए। योनो एसबीआई का ऐप व्हाट्सऐप पर भेज अपने जाल में फंसा लिया। पुलिस ने मामले में मोबाइल नंबरों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के मोहल्ला कटकुई निवासी फैसल जफर नगर पालिका अमरोहा में ठेकदारी करते हैं। वह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संगठन में जिला उपाध्यक्ष भी हैं। उन्होंने अपना एक बचत खाता मोहल्ला जट बाजार स्थित एसबीआई की शाखा में खोल रखा है। ऑनलाइन लेन-देन के लिए फैसल जफर योनो एसबीआई ऐप का इस्तेमाल करते हैं।
कुछ दिन से उनके मोबाइल में योनो ऐप चल नहीं रहा था। उसी दौरान नौ दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई, कॉल करने वाले ने खुद को योनो एसबीआई का अधिकारी बताया, उसने पूछा कि आपका योनो ऐप नहीं चल रहा है। ये बात सुन फैसल जफर ने ऐप नहीं चलने की अपनी शिकायत दर्ज करा दी। इसके थोड़ी देर बाद ही फैसल जफर के पास एक नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई, कॉलर ने उनसे कहा कि मैं आपको व्हाट्सऐप पर एक ऐप भेज रहा हूं, जिसके इंस्टॉल करते ही आपका योनो एसबीआई चल जाएगा। फैसल जफर ने जैसे ही ऐप इंस्टॉल किया वैसे ही उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से 90 हजार रुपये उड़ गए। बैंक द्वारा खाते से पैसे निकलने का मैसेज मिलते ही उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत ही एसबीआई के हेल्प लाइन नंबर पर कॉल कर खाते से लेनदेन पर रोक लगवाई। साइबर धोखाधड़ी का शिकार फैसल जफर ने शहर कोतवाली में तहरीर दी थी। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में मोबाइल नंबरों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर अपराधियों को जल्दी ट्रेस करते हुए पैसा वापस कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




