Amroha News: कूलिंग की समस्या ठीक नहीं होने पर कंपनी को लौटाने होंगे एसी के 27 हजार
Amroha News: एक उपभोक्ता ने शिकायत की कि उसकी एसी में कूलिंग की समस्या है। कंपनी ने समाधान नहीं किया, जिससे उपभोक्ता ने फोरम से संपर्क किया। फोरम ने कंपनी को एसी वापस लेकर 27 हजार रुपये और 20 हजार रुपये जुर्माना देने का आदेश दिया।

Amroha News: एसी में कूलिंग नहीं होने की समस्या का कंपनी ने समाधान नहीं किया। उपभोक्ता फोरम ने कंपनी अधिकारियों को एसी वापस लेकर उसकी कीमत 27 हजार रुपये नौ प्रतिशत ब्याज सहित लौटाने का आदेश दिया। आर्थिक व मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय के रूप में 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। शहर के मोहल्ला बटवाल निवासी मोहम्मद फाहद सिद्दीकी ने 11 जनवरी 2022 को अमरोहा शहर के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम से नामचीन कंपनी का विंडो एसी 27 हजार रुपये में खरीदा था। कुछ समय बाद ही उसमें कूलिंग कम होने की समस्या होने लगी। इसकी शिकायत मोहम्मद फाहद ने कंपनी से की, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
कंपनी की ओर से भेजे गए मैकेनिक एसी का फ्रंट पैनल भी क्षतिग्रस्त कर दिया और नया पैनल लगाने का आश्वासन देकर चला गया, लेकिन दोबारा लौटकर नहीं आया। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर मोहम्मद फाहद ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की शरण ली थी। प्ररकण को गंभीरता से सुनते हुए आयोग के अध्यक्ष रमा शंकर सिंह और महिला सदस्य अंजू रानी दीक्षित ने अपना फैसला सुनाया। कंपनी को सेवा में कमी का दोषी मानते हुए आयोग ने एसी वापस लेकर उपभोक्ता को 27 हजार रुपये की मूल कीमत वाद दायर करने की तिथि से नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज से देने का आदेश दिया। साथ ही मानसिक एवं आर्थिक क्षतिपूर्ति के रूप में 10 हजार और वाद व्यय के रूप में भी 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


