बिजली अफसरों पर लगाया परेशान करने का आरोप

Jan 31, 2026 01:31 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share Share
Follow Us on

Amroha News - अमरोहा में एक उपभोक्ता की शिकायत के बाद ऊर्जा मंत्री ने विभागीय कार्रवाई की। आरोप है कि इससे नाराज अधिकारी अब शिकायतकर्ता का उत्पीड़न कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने डीएम से जांच की मांग की है, जबकि अधिकारी उसके खिलाफ झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।

बिजली अफसरों पर लगाया परेशान करने का आरोप

अमरोहा, संवाददाता। उपभोक्ता की शिकायत के बाद ऊर्जा मंत्री स्तर से नौगावां सादात बिजलीघर पर तैनात जेई व लाइनमैन के खिलाफ हुई विभागीय कार्रवाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि शिकायत और उस पर हुई कार्रवाई से नाराज विभागीय अधिकारी-कर्मचारी अब शिकायतकर्ता का उत्पीड़न कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने विभागीय अफसरों पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए मामले में डीएम स्तर पर शिकायत कर जांच व कार्रवाई करने की मांग की है। नौगावां सादात कस्बे के मोहल्ला बड़ी इमली निवासी अली रजा पुत्र तुराब अली शुक्रवार दोपहर कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नौगावां सादात मंडल अध्यक्ष हैं।

बीती 22 जनवरी को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से मुलाकात कर उन्होंने अपने रिश्ते के भाई अली यूसा को विद्युत विभाग नौगावां सादात के अफसरों द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था। बताया था कि विभागीय अफसर-कर्मचारियों के स्तर से सामान्य कनेक्शन देने की एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। इस पर ऊर्जा मंत्री ने जेई को निलंबित करने के साथ ही संविदा लाइनमैन अब्बास अली की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया था। उनका आरोप है कि इसके बाद से विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उनसे रंजिश रख रहे हैं। बीती 28 जनवरी की दोपहर विभागीय एसडीओ व जेई उनके घर आ धमके। उनकी गैरमौजूदगी में पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया। एसडीओ व जेई ने उनके घर की अनावश्यक रूप से विडियो रिकार्डिंग की। इसके बाद जब उन्होंने एसडीओ से फोन पर बात की तो एसडीओ ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर बेवजह उन्हें परेशान करने का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। डीएम ने मामले में जांच कराए जाने की बात कही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;