मनरेगा बहाली को कांग्रेस का सत्याग्रह आंदोलन, बीडीओ को ज्ञापन सौंपा
Amroha News - कांग्रेस ने हसनपुर और गंगेश्वरी ब्लॉक मुख्यालय पर नए कानून के खिलाफ सत्याग्रह किया। जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया ने कहा कि मनरेगा गरीबों के लिए काम की कानूनी गारंटी थी। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि नए कानून से मजदूरों के अधिकारों का हनन हो रहा है। ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा गया है।

हसनपुर, रहरा, संवाददाता। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर लाए गए नए कानून विकसित भारत जी राम जी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेसियों ने हसनपुर व गंगेश्वरी ब्लाक मुख्यालय पर एक दिवसीय सत्याग्रह किया। बीडीओ के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मनरेगा को पुराने स्वरूप में बहाल करने की मांग की। हसनपुर ब्लाक में सत्याग्रह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया ने कहा कि मनरेगा करोड़ों गरीबों के लिए काम की कानूनी गारंटी थी। केंद्र सरकार ने नया कानून बनाकर मजदूरों के हक पर डाका डाला है। चेतावनी दी कि नए कानून से पंचायतों के अधिकार छीनकर उन्हें कमजोर किया जा रहा है।
बजट सीमित होने से जरूरत के समय काम मिलना बंद हो जाएगा। बायोमेट्रिक और तकनीकी बाधाओं के जरिए मजदूरों को योजना से बाहर करने की साजिश है। स्पष्ट किया कि यह कानून वापस नहीं लिया गया तो पार्टी आंदोलन करेगी। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष हरिओम पुष्कर, पूर्व जिलाध्यक्ष तारिक खां, राजपाल सैनी, मनोज कटारिया, दीपक गौतम, बब्बन हुसैन, इंतजार, मेहंदी हसन, शकील, मकसूद, शूरवीर सिंह, लाल सिंह, उस्मान अली, आबिद अली आदि मौजूद रहे। उधर, गंगेश्वरी ब्लाक में बीडीओ अश्विनी कुमारी को ज्ञापन सौंपा गया। ब्लाक अध्यक्ष शमशाद सैफी, नदीम अहमद, जगदीश कुमार व इंतजार अली आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




