ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश अमरोहाकांग्रेसी नेता नसीमुल हसन का निधन, शोक की लहर

कांग्रेसी नेता नसीमुल हसन का निधन, शोक की लहर

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नसीमुल हसन का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। परिवार व कांग्रेसियों में शोक की लहर दौड़...

कांग्रेसी नेता नसीमुल हसन का निधन, शोक की लहर
हिन्दुस्तान टीम,अमरोहाWed, 22 Jan 2020 06:02 PM
ऐप पर पढ़ें

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नसीमुल हसन का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। परिवार व कांग्रेसियों में शोक की लहर दौड़ गई।

नसीमुल लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे। उनकी गिनती बड़े नेताओं में होती थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह के सामने वर्ष 1998 में कांग्रेस के टिकट पर संभल सीट से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की रात करीब 8 बजे 65 वर्षीय नसीमुल को दिल का दौरा पड़ा। परिजन आनन-फानन में निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। बीच रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। शाम के वक्त बाबुलहवाईज इमामबाड़े के कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। इस दौरान पूर्व काबीना मंत्री कमाल अख्तर, मुरादाबाद के पूर्व विधायक मेजर जेपी सिंह, नसीब पठान, याहिया बुखारी, डॉ. कमलेश, पूर्व सीओ अफसर अब्बास जैदी, मौलाना अशहद मेंहदी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया, पूर्व जिलाध्यक्ष तारिक मोहम्मद खां, शमीम अय्यूब, फहीमुद्दीन व चौधरी शबाहत आदि मौजूद रहे।

उझारी। नसीमुल हसन के गांधी परिवार से घनिष्ठ संबंध थे। वह राजीव गांधी व संजय गांधी के करीबियों में गिने जाते थे। बताते हैं कि नसीमुल हसन ने एएमयू से लॉ की डिग्री हासिल की थी। वह कांग्रेस सरकार में भूतल परिवहन मंत्रालय के सदस्य भी रहे थे।

परिवार में मचा कोहराम

उझारी। नसीमुल हसन के इंतकाल पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिवार में पत्नी रिहाना व चार बेटी हैं। चारों बेटियों की शादी हो चुकी है। दो बेटी उझारी में ही ब्याही हैं। कस्बा वासियों के मुताबिक नसीमुल बहुत ही मृदुभाषी थे। उन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन में तमाम लोगों की विभिन्न तरह से मदद की। यही वजह रही की जनाजे में सैकड़ों की तादात में लोग जुटे। हर किसी की आंख नम थी। हर कोई उनके व्यक्तित्व की तारीफ कर रहा था।

शोक में न्यायिक कार्य से विरत रहे तहसील के वकील

हसनपुर। तहसील बार के सदस्य एवं पूर्व उपाध्यक्ष जावेद कैसर एडवोकेट के बड़े भाई तथा वरिष्ठ अधिवक्ता, मशहूर सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता नसीमुल हसन के आकस्मिक निधन पर वकीलों ने शोक व्यक्त किया। तहसील बार अध्यक्ष मुजाहिद चौधरी ने नसीमुल हसन के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें एक योग्य अधिवक्ता, निस्वार्थ समाज सेवक बताया‌। कहा कि वह बार के सदस्य न होने के बावजूद भी हमेशा बार से जुड़े रहे। इस अवसर पर महासचिव राजीव शर्मा, पूर्व अध्यक्ष महावीर सिंह चौहान, महीपाल सिंह, गंगासरन खड़गवंशी, सुनील भटनागर, गजेंद्र सिंह, शिवचरन सिंह, श्योराज सिंह राणा, सुबोध शर्मा, आफताब आलम, इसरार खां, शेर सिंह भड़ाना, वीर सिंह त्यागी, संजय सिंह, विजेंद्र गहलौत, केदारनाथ, मेघराज सिंह, अंबरीश शर्मा, इमरान आलम, मंगल सेन शर्मा, फतेह सिंह,सतपाल सिंह व राजवीर सिंह ने मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक के चलते वकील बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। 2 मिनट का मौन धारण कर मृत आत्मा की शांति हेतु दुआ की गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें