हसनपुर में पेड़ पर लटका मिला इंजीनियर का शव, हत्या की आशंका
Amroha News - गंगा तटबंध से 100 मीटर की दूरी पर खेत में एक इंजीनियर का शव लटका मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अशोक के रूप में हुई है। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अशोक...

गंगा तटबंध से 100 मीटर की दूरी पर खेत में पॉपुलर के पेड़ पर इंजीनियर का शव लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव धोरिया निवासी उमेश की पत्नी मंगलवार सुबह अपने खेत पर स्थित मठ पर जल चढ़ाने गई थी। इस दौरान उसने ईख फसल की मेड़ पर लगे पॉपुलर के पेड़ पर रस्सी के सहारे युवक का शव लटका हुआ देखा। वह शोर मचाती हुई गांव पहुंची और परिजनों व ग्राम प्रधान को मामले की जानकारी दी।
गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। खबर लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव की शिनाख्त गजरौला थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सुल्तानठेर निवासी 28 वर्षीय अशोक पुत्र नानक चंद के रूप में हुई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वरुण कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। सोमवार सुबह घर से निकला था अशोक हसनपुर। परिजनों के मुताबिक अशोक बीटेक पास था। वह काशीपुर की एक कंपनी में बतौर सिविल इंजीनियर कार्य करता था लेकिन बीते एक माह से वह घर पर ही था। सोमवार सुबह वह कहीं चला गया था। इसके बाद से उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा था। अशोक छह बहन-भाइयों में पांचवें नंबर का था। उसकी मौत से मां कमला देवी समेत परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि जिस जगह शव मिला, वहां से अशोक के गांव की दूरी करीब आठ किमी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।