ब्रेजा सवार दो भाइयों पर लोहे की रॉड से किया हमला, चार पर केस

Apr 04, 2026 10:20 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share

Amroha News - अमरोहा। रफ्तार को लेकर हुए विवाद पर पिकअप से उतरे चार युवकों ने ब्रेजा में

ब्रेजा सवार दो भाइयों पर लोहे की रॉड से किया हमला, चार पर केस

रफ्तार को लेकर हुए विवाद पर पिकअप से उतरे चार युवकों ने ब्रेजा में सवार दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। लोहे की रॉड के अलावा धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों भाई बुरी तरह लहूलुहान हो गए। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। नौगावां सादात के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मोहम्मद फैसल की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक बीती एक अप्रैल को वह अपने भाई साहिल के साथ किसी काम से क्षेत्र के ही गांव गोहावर गया था।

शाम में करीब छह बजे दोनों भाई अपनी ब्रेजा कार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि गांव शिकारिया के पास से गुजरते समय आगे चल रही एक पिकअप के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए गाड़ी को अचानक ही गांव की तरफ मोड़ दिया। अनाड़ीपन से पिकअप मोड़ने पर ब्रेजा चला रहे फैसल ने उन्हें टोक दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। आरोप है कि पिकअप से उतरे गांव शिकरिया निवासी नदीम, अफजल, मंसूर व गुलजार ने एकाएक ही लोहे की रॉड व धारदार हथियार निकाल लिए और हमला बोल दिया। आरोपियों ने दोनों भाइयों को ब्रेजा से खींचते हुए नीचे उतर बीच सड़क दौड़ाकर पीटा। हमले में फैसल व उसका भाई साहिल बुरी तरह लहूलुहान हो गए। वहीं, शोर सुनकर राहगीरों की भीड़ जमा होती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए पिकअप लेकर मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने थाने में सूचना देकर घायल भाइयों को शहर सीएचसी में भर्ती कराया, हालत गंभीर देखते हुए जहां से चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू करने की बात कही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।