अलीगढ़ मार्ग पर रात में किसी वक्त पुलिया धंसी, आनन-फानन में दौड़े अफसर
Amroha News - हसनपुर में अलीगढ़ मार्ग पर हाकमपुर के नजदीक एक पुलिया अचानक धंस गई। भारी वाहन के गुजरने से यह घटना हुई। एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग की टीम को तुरंत मौके पर भेजा, जिसने पुलिया को ठीक किया। ग्रामीणों ने पुरानी और कमजोर पुलिया की मरम्मत कर नई पुलिया बनाने की मांग की है।

हसनपुर, संवाददाता। अलीगढ़ मार्ग पर हाकमपुर के एसएलजे डिग्री कॉलेज के नजदीक बुधवार रात किसी वक्त अचानक पुलिया धंस गई। सूचना मिलते ही एसडीएम ने आनन-फानन में लोक निर्माण विभाग की टीम को मौके पर भेज कर पुलिया कार्य को दुरुस्त कराया।जानकारी के मुताबिक रात में किसी वक्त भारी वाहन गुजरने के चलते पुलिया धंसी। गनीमत रही कि पुलिया धरने का एरिया ज्यादा नहीं था, जिसके चलते किसी वाहन का पहिया गड्ढे में नहीं गिरा। गुरुवार सुबह हाकमपुर गांव के लोग टहलने निकले तो मामले की जानकारी हुई। वाहनों को हादसे से बचाने के लिए लोगों ने टूटी पुलिया के चारों ओर रेत के बोरे व ईंट आदि लगाकर संकेतक लगा दिया।
एसडीएम को मामले की खबर की गई। एसडीएम के निर्देश पर आनन-फानन में लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिया को ठीक किया। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया की पुलिया धंसने की सूचना मिली थी। टीम को भेज कर पुलिया को ठीक करा दिया गया है। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया काफी पुरानी होकर कमजोर हो चुकी है। भारी वाहन गुजरने से किसी भी दिन पुलिया टूट सकती है। नई पुलिया बनाने की मांग की गई है। गौरतलब है कि अलीगढ़ मार्ग पर वाहनों का खासा दबाव रहता है। गंगा एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद वाहनों की तादाद और भी बढ़ेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


