आग में झुलसी विवाहिता की उपचार के दौरान मौत, ससुराल वालों पर केस दर्ज
Amroha News - गजरौला, संवाददाता। आग में झुलसी विवाहिता ने उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतका के मायके वालों ने उसके ससुराल वालों पर दह

आग में झुलसी विवाहिता ने उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतका के मायके वालों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व आग लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। डिडौली निवासी 24 वर्षीय सोना पुत्री सतपाल की शादी करीब छह माह पहले शहर के मोहल्ला नाईपुरा कांशीराम कालोनी निवासी अमन के साथ हुई थी। अमन गजरौला की एक फैक्ट्री में काम करता है। बताया जा रहा है कि बीते कई दिन से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। शुक्रवार सुबह अमन रात्रि ड्यूटी कर घर लौटा और अपनी मां के कमरे में जाकर सो गया। इसी दौरान सोना मकान की छत पर संदिग्ध परिस्थिति में आग की चपेट में आकर झुलस गई। चीख पुकार सुनकर ससुराल वालों के साथ ही मोहल्ले वाले मौके की ओर दौड़े व आग को बुझाते हुए सोना को सीएचसी ले गए। चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया। ससुराल वालों ने सोना को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सोना के मायके वालों का आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया व हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप ने मामले में सोना के पिता की तहरीर पर उसके पति अमन, सास सरोज, ननद सलोनी समेत पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।