अमरोहा में उदय गिरी गोस्वामी फिर बने भाजपा जिलाध्यक्ष

Feb 27, 2026 12:40 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share Share
Follow Us on

Amroha News - भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने उदय गिरी गोस्वामी को लगातार दूसरी बार अमरोहा में जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। गोस्वामी 45 वर्षों से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं और उनका आरएसएस के साथ गहरा जुड़ाव है। उनके समर्थकों में खुशी है, जबकि अन्य दावेदार निराश हैं। आगामी चुनावों में पार्टी के लिए नतीजों को सुनिश्चित करना उनकी बड़ी चुनौती होगी।

अमरोहा में उदय गिरी गोस्वामी  फिर बने भाजपा जिलाध्यक्ष

अमरोहा, वरिष्ठ संवाददाता। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने जिले में पार्टी की कमान लगातार दूसरी बार फिर से मौजूदा जिलाध्यक्ष उदय गिरी गोस्वामी को सौंपी है। बीते 45 साल से भाजपा संगठन में सक्रिय उदय गिरी का राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के साथ भी गहरा जुड़ाव रहा है। गुरुवार देर रात की गई घोषणा के बाद से उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। हालांकि जिलाध्यक्ष पद की कतार में खड़े बाकी दावेदारों के चेहरे लटके नजर आए। उदय गिरी गोस्वामी साल 1980 में आरएसएस में ओटीएस रहे। साल 1989 में वह भाजपा जिला महामंत्री बने। 2004 से 2008 तक वह पश्चिम क्षेत्र की कमेटी में लगातार दो बार सदस्य रहे।

वहीं साल 2011 से अगले पांच साल तक वह जिला सहकारी संघ मुरादाबाद के चेयरमैन रहे। नमामि गंगे के प्रदेश सह संयोजक पद की जिम्मेदारी भी उन्होंने जिलाध्यक्ष बनने से पहले निभाई। मूल रुप से जिले की हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव कुंआडाली निवासी उदय गिरी परास्नातक तक शिक्षा प्राप्त हैं। जिले में कार्यकर्ताओं के बीच अपनी सादगी के लिए पहचाने जाने वाले अविवाहित उदय गिरी का पूरा जोर पार्टी संगठन की ओर ही रहता है। इसके पहले 15 सितंबर 2023 को उन्हें जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई थी, जो लगातार दूसरी बार भी जारी है। उनके समर्थकों में जहां उत्साह का माहौल है तो वहीं जिलाध्यक्ष पद पर अपनी दावेदारी जता रहे दूसरे पार्टी नेताओं के चेहरे मुरझाए हैं। फिलहाल आगामी पंचायत व विधानसभा चुनाव में नतीजों को पार्टी के पक्ष में करना उनके लिए सबसे नजदीकी और बड़ी चुनौती रहेगी। इसके पहले उनके नेतृत्व में लड़े गए लोकसभा चुनाव में जिले से पार्टी प्रत्याशी के सिर जीत का सहरा सज चुका है। स्थानीय स्तर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष शुभम चौधरी ने उदय गिरी गोस्वामी को दोबारा जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दिए जाने की पुष्टि करते हुए बधाई भी दी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।