बुलेट चौराहे पर खड़ी कर छोड़े पटाखे, विरोध पर मामा-भांजे को किया लहूलुहान
Amroha News - नौगावां सादात में एक युवक ने अपने बुलेट से चौराहे पर पटाखा छोड़ने पर विरोध करने पर मामा-भांजे पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला किया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

नौगावां सादात, संवाददाता। बुलेट बीच चौराहे पर खड़ी कर मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखा छोड़ने का विरोध करने पर मामा-भांजे पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से वार करते हुए लाठी-डंडों से पिटाई की। हमले में दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए। भीड़ जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों पर जानलेवा हमला करने के अलावा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।घटना नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर इम्मा में बीती चार अप्रैल की शाम पांच बजे की है। गांव निवासी जाकिर पुत्र रमजानी की ओर से दर्ज कराई एफआईआर के मुताबिक घटना के समय उनका भाई ताहिर गांव में ही चौराहे पर खड़ा था।
उसी दौरान गांव का ही अनीस वहां पहुंचा और उसने अपनी बुलेट को बीच चौराहे पर खड़ा कर दिया। इसके बाद मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे छोड़ने लगा। तेज आवाज निकलने से राहगीरों और चौराहे पर खड़े लोगों के दिल कांप उठे। लिहाजा, वहां मौजूद ताहिर ने पटाखा छोड़ने का विरोध किया तो अनीस ने मारपीट शुरू कर दी, लोगों के बीच-बचाव कराने पर ताहिर अपने घर लौट आया। आरोप है कि कुछ समय बाद अनीस ने अपने दोस्त हन्सार और नौशाद को लेकर घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर ताहिर को लहूलुहान किया। इतना ही नहीं बचाव में भांजा रहीस आया तो उसके साथ भी मारपीट की। हमले में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग जमा हो गए, जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों ने घायल ताहिर और रहीस को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने के अलावा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


