तीन महीने लिव इन में रहने वाली युवती ने प्रेमी से जताया जान का खतरा

Apr 07, 2026 01:34 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share

Amroha News - अमरोहा में एक युवती ने अपने प्रेमी से जान का खतरा बताया है। तीन महीने पहले वह परिजनों से बगावत कर लिव इन में रहने लगी थी। युवती का आरोप है कि प्रेमी ने उसे ब्लैकमेल किया और मारपीट की। उसने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तीन महीने लिव इन में रहने वाली युवती ने प्रेमी से जताया जान का खतरा

अमरोहा, संवाददाता। तीन महीने पहले परिजनों से बगावत कर लिव इन में रहने वाली युवती ने अब प्रेमी से अपनी जान का खतरा बताया है। उसने गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पूरा मामला समझने के लिए दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया गया है।मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले से जुड़ा है। यहां रहने वाली एक युवती जनवरी 2026 में संदिग्ध परिस्थितियों के बीच अचानक घर से लापता हो गई थी। तलाश के बीच परिजनों को पता चला था कि युवती अपने गैर संप्रदाय के प्रेमी के साथ चली गई है।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में आरोपी प्रेमी के खिलाफ युवती को बहलाकर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, बाद में बरामद युवती ने कोर्ट में प्रेमी के पक्ष में बयान दे दिए थे। इसके बाद पुलिस ने उसे प्रेमी की सुपुर्दगी में दे दिया था। लगभग तीन महीने से प्रेमीजोड़ा लिव इन में एक साथ ही रह रहा था। इसी बीच सोमवार को युवती अचानक पुलिस ऑफिस पहुंच गई और एसपी को शिकायती पत्र सौंपते हुए उसने प्रेमी से अपनी जान का खतरा जताया। युवती ने बताया कि वह उसके ऑफिस में काम करती थी। उसी दौरान उसने खाने में नशा मिलाकर अश्लील वीडियो बना ली। वीडियो वायरल करने का डर दिखा कर ब्लैकमेल करने लगा। उसने धमकी दी कि अगर उससे शादी नहीं की तो वह परिवार को जान से मार देगा। डर और अपने परिवार की सुरक्षा के कारण उसके साथ मजबूरी में रहना पड़ा। लेकिन वह शुरू से ही मारपीट करता था, शराब पीकर गंदी-गंदी गालियां देता था और बहुत बुरा व्यवहार करता था। उसने बताया कि हद तब हो गई जब प्रेमी ने मेरे कमरे में अपने दोस्तों को भेज दिया।मैंने उन्हें धक्का देकर कमरे से बाहर निकाल दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ दिन पहले उसके भाई ने भी मेरे साथ अनैतिक संबंध बनाने की कोशिश की थी। जब मैंने इसकी शिकायत अपने प्रेमी से की तो उसने अपने भाई को कुछ नहीं कहा बल्कि उल्टा मुझे ही डांटकर खामोश कर दिया। युवती ने आरोप लगाया है कि अब वह पिता से दस लाख रुपये दिलाने का दबाव बना रहा है। क्योंकि उस पर लाखों रुपयों का कर्ज है, खतरा जताया है कि वह मुझे बेच देगा या अपने पास रखकर गलत तरीके से मुझसे पैसे कमवाएगा। युवती ने अत्याचारों से तंग आकर दो दिन पूर्व अपनी बहन को फोन किया, उसने बताया कि वह बमुश्किल मुझे वहां से निकालकर अपने साथ ले आई। शिकायत पर एसपी लखन सिंह यादव ने शहर कोतवाली पुलिस को जांच के बाद कार्रवाई का निर्देश दिया है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया गया है, इसके बाद ही मामले में अगला निर्णय लिया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।