ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश अमरोहाकोल्हू संचालक ठेकेदार भाइयों को पकड़ने मुजफ्फरनगर जाएगी अमरोहा पुलिस

कोल्हू संचालक ठेकेदार भाइयों को पकड़ने मुजफ्फरनगर जाएगी अमरोहा पुलिस

किसानों के गन्ने का पांच लाख लेकर भागे ठेकेदार भाइयों की गिरफ्तारी के लिए अमरोहा देहात थाना पुलिस मुजफ्फरनगर जाएगी। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने...

कोल्हू संचालक ठेकेदार भाइयों को पकड़ने मुजफ्फरनगर जाएगी अमरोहा पुलिस
हिन्दुस्तान टीम,अमरोहाSat, 27 Feb 2021 12:10 PM
ऐप पर पढ़ें

किसानों के गन्ने का पांच लाख लेकर भागे ठेकेदार भाइयों की गिरफ्तारी के लिए अमरोहा देहात थाना पुलिस मुजफ्फरनगर जाएगी। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट भी दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर जिले के गांव जाफरपुर निवासी सगे भाई प्रमोद कुमार व राज सिंह ने बीते दिनों अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव कैलसा में ठेके पर कोल्हू संचालन किया था। बताया जाता है कि क्षेत्र निवासी 25 किसानों ने उनके कोल्हू पर साल 2020 में अक्तूबर से दिसंबर महीने के बीच करीब पांच लाख रुपये का गन्ना डाला था। आरोप है कि ठेकेदार भाइयों ने गन्ना मूल्य का भुगतान 15 दिन में करने का वादा किया था लेकिन भुगतान नहीं किया। इसके बाद दोनों जनवरी महीने में कोल्हू छोड़कर फरार हो गए। गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों ने ठेकेदारों को फोन किया तो उन्होंने भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया। गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित किसानों ने शिकायत थाना पुलिस से की। सुनवाई नहीं होने पर किसान एसपी सुनीति से मिले। बाद में एसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने ठेकेदार भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। अब पुलिस किसानों का पैसा लेकर भागे आरोपी ठेकेदार भाइयों को पकड़ने मुजफ्फरनगर जाएगी। अमरोहा देहात थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र गौतम ने पुष्टि करते हुए बताया कि गन्ना कोल्हू ठेकेदार प्रमोद कुमार और राज सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम को मुजफ्फरनगर भेजा जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें