Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmroha NewsAmroha Police Officers Involved in Extortion Case Meat Seller Pressured for Settlement
फॉलोअप : 1.20 लाख की वसूली में फंसे सिपाहियों के बयान दर्ज, दुकानदार को सीओ कार्यालय से लौटाया

फॉलोअप : 1.20 लाख की वसूली में फंसे सिपाहियों के बयान दर्ज, दुकानदार को सीओ कार्यालय से लौटाया

संक्षेप:

Amroha News - अमरोहा में मीट दुकानदार उबैद से 1.20 लाख रुपये की अवैध वसूली के मामले में तीन पुलिसकर्मी फंसे हुए हैं। दुकानदार पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि उसके बयान अभी तक दर्ज नहीं हुए हैं। शिकायत के बाद सीओ कार्यालय में सिपाहियों के बयान दर्ज किए गए हैं।

Nov 27, 2025 12:44 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share Share
Follow Us on

अमरोहा, संवाददाता। बेजुर्म दुकान से हिरासत में लेने के बाद फर्जी मुकदमा दर्ज करा मीट दुकानदार उबैद से 1.20 लाख की वसूली में फंसे तीनों सिपाहियों ने सीओ कार्यालय में अपने बयान दर्ज करा दिए हैं। वहीं, मामले में दुकानदार के बयान अभी तक दर्ज नहीं किए गए हैं, बुधवार को उसे फोन कर सीओ कार्यालय बुलाया गया था लेकिन फिर काफी देर बैठाने के बाद बिना बयान दर्ज किए उसे वापस लौटा दिया गया। चर्चा ये है कि समझौता करने के लिए सिपाहियों को पूरा वक्त दिया जा रहा है। वहीं, पुलिस स्तर से भी दुकानदार पर समझौता करने का दबाव लगातार बन रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कुछ पुलिसकर्मी उसे जगह-जगह बुलाकर प्रताड़ित कर रहे हैं। लाइसेंस निरस्त कराने धमकी तक दी जा रही है। पीड़ित दुकानदार ने अब पूरे मामले की शिकायत डीआईजी से करने की बात कही है। गौरतलब है कि शहर में मंडी धनौरा मार्ग पर मोहल्ला लकड़ा निवासी उबैद की लाइसेंसी मीट की दुकान है। करीब महीनाभर पहले शहर कोतवाली के तीन चर्चित सिपाही उसे दुकान से जबरन उठाकर ले गए थे। उन्होंने अपने एक परिचित दुकानदार से मांस मंगाकर उबैद पर फर्जी मुकदमा दर्ज करवा दिया था। बाद में जेल भेजने के अलावा लाइसेंस निरस्त कराने की धमकी देकर 1.20 लाख रुपये ले लिए थे। उबैद ने उधार लेकर इन पैसों का इंतजाम किया था। शुरुआत में सिपाहियों ने उससे दो लाख रुपये मांगे थे लेकिन फिर 1.25 लाख रुपये में छोड़ने का सौदा कर लिया था। रात में करीब नौ बजे पैसे मिलने के बाद सिपाहियों ने उसे कोतवाली से जमानत दिलवाते हुए बमुश्किल छोड़ा था। इसके अगले दिन भी सिपाही उसकी दुकान पर पहुंचे थे और बकाया पांच हजार रुपये देने के लिए दबाव बनाया था। इनकार करने पर सिपाही उसकी दुकान से इलेक्ट्रानिक कांटा उठाकर ले गए थे। पीड़ित दुकानदार उबैद ने मामले की शिकायत एसपी अमित कुमार आनंद से की थी। एसपी के आदेश पर सीओ सिटी अभिषेक यादव द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। चर्चा है कि मंगलवार रात सीओ ने तीनों सिपाहियों को कार्यालय में तलब करते हुए उनके बयान दर्ज कर लिए हैं वहीं बुधवार दोपहर में उबैद को भी सीओ कार्यालय बुलाया गया था। लिहाजा, वह भी सीओ कार्यालय पहुंचा था लेकिन काफी देर बैठाने के बाद उसे बिना बयान दर्ज किए लौटा दिया गया। उधर, चर्चा ये भी है कि अवैध वसूली की जांच में घिरे सिपाहियों के कुछ वर्दी वाले दोस्त भी उबैद पर मामले में समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। मंगलवार को उसे कोतवाली में बुलाकर भी खूब हड़काया गया है। जुबान खोलने पर लाइसेंस निरस्त करने के अलावा बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। अवैध वसूली कर जुटाया ऐश परस्ती का सामान अमरोहा। जांच में घिरे सिपाहियों के कारनामों का चर्चा अब पुलिस विभाग के साथ ही शहर में खूब हो रहा है। दबी जुबान में चल रहीं इनसे जुडी बातों ने पुलिस अफसरों के भी कान खड़े कर दिए हैं। वहीं, शहर कोतवाली और चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मी भी आपस में कानाफूसी करते हुए देखे जा रहे हैं। बताया ये जा रहा है कि ड्यूटी से दूर इन तीनों सिपाहियों को पूरा जोर अवैध वसूली पर था। जिसके लिए इन्होंने कोतवाली में दो कमरे भी अलग से घेर रखे थे। इन कमरों में सोफा सेट, एसी के साथ ही एलईडी और फ्रिज से लेकर ऐश से जुड़े सारे इंतजाम हैं। अवैध वसूली से जुड़े प्रकरण में जांच जारी है। दुकानदार को बुलाकर उसके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। दोषियों को किसी हाल बख्शा नहीं जाएगा। अभिषेक यादव, सीओ सिटी