
ऑफिसर्स कॉलोनी में चोरी का खुलासा नहीं
Amroha News - अमरोहा के ऑफिसर्स कॉलोनी में अर्दली रामचंद्र पांडे के सूने मकान से 37 लाख रुपये की चोरी हो गई। परिवार देहरादून में था जब चोरों ने घर में घुसकर नकदी और जेवरात चुराए। एक सप्ताह बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री से शिकायत करने की योजना बना रहा है।
अमरोहा, संवाददाता। ऑफिसर्स कॉलोनी में अर्दली के सूने मकान में हुई 37 लाख रुपये की चोरी अभी तक पहेली बनी हुई है। पुलिस को चोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। जिससे पीड़ित परिवार में गुस्सा है। उन्होंने अब मुख्यमंत्री दरबार में शिकायत करने की बात कही है। घटना अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के जोया रोड स्थित कलक्ट्रेट ऑफिसर्स कॉलोनी के मकान नंबर ई-23 में हुई थी। यह मकान जिला न्यायालय में तैनात अर्दली रामचंद्र पांडे का है। वह अपनी पत्नी सुशीला पांडे के साथ यहां रहते हैं। रामचंद्र पांडे और उनकी पत्नी सुशीला पांडे 18 दिसंबर को अपने बेटे मनोज पांडे की तबीयत खराब होने के कारण उसे देखने देहरादून गए थे।
उनके घर में ताला लगा हुआ था। परिवार की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए। इसके बाद मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए। घर में कोई नहीं होने के कारण चोरों ने आराम से पूरे घर की तलाशी ली। उन्होंने अलमारी और लॉकर को रॉड से तोड़कर खोला। चोरों ने सवा लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 37 लाख रुपये थी। दंपति के 28 दिसंबर की शाम देहरादून से घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है, जिससे पीड़ित परिवार न्याय के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाने की तैयारी में है। सीओ अवध भान सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस टीम चोरी के खुलासे में लगी हुई है। सीसीटीवी कैमरे सहित कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




