
आमरण अनशन से घबराई पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर किया चालान
Amroha News - डिडौली पुलिस ने 15 महीने पुरानी मारपीट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को गांव बुलाने की मांग करते हुए कलक्ट्रेट के बाहर आमरण अनशन किया था। पुलिस ने कार्रवाई...
अमरोहा, संवाददाता। दुकानदार के बेटों से मारपीट करने में शामिल तीन आरोपियों को डिडौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 15 महीने पुरानी इस घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी व मुख्यमंत्री को गांव बुलाने की मांग को लेकर बुधवार को पीड़ित परिवार कलक्ट्रेट पहुंच आमरण अनशन पर बैठ गया था। हरकत में आई पुलिस ने गुरुवार को मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी करते हुए जेल भेज दिया। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश डाल रही है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव हटव्वा पट्टी में संजीव कुमार का परिवार रहता है। वह अनुसूचित जाति वर्ग से हैं।

चारपाई बुनकर गांव में ही एक किराए की दुकान से बेचने का काम करते हैं।आठ जून 2024 की दोपहर उनके बेटे मनदीप सिंह व वीरदीप सिंह दुकान पर बैठे थे। उसी दौरान पास में ही एक कैंटीन पर पांच युवक पहुंचे थे, जिन्होंने मनदीप व वीरदीप के साथ मारपीट की थी। उन्हें जाति सूचक शब्दों से अपमानित भी किया था। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए थे। शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। उल्टा पीड़ित परिवार को हड़काते हुए कोतवाली से भगा दिया था। पुराने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को संजीव कुमार घर पर ही पत्नी व बच्चों के साथ आमरण अनशन पर बैठ गए थे। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात पांच युवकों के खिलाफ मारपीट व एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया था। वहीं, बुधवार को पीड़ित परिवार ने कलक्ट्रेट के बाहर आमरण अनशन का बैनर लगाकर धरना दिया था। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में आजम उर्फ रिजवान, मोहसिन व अर्श की गिरफ्तारी कर ली गई है। चालान कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




