Amroha News: कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Amroha News: अमरोहा में, सावन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए डीएम और एसपी ने विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Amroha News: अमरोहा, संवाददाता। सावन कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुगमता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम एवं एसपी ने सोमवार को कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बिजनौर-अमरोहा रोड पर याहियापुर, मखदूमपुर होते हुए बीलना बॉर्डर तक, तहसील धनौरा में बिजनौर बॉर्डर तक तथा गजरौला स्थित कुमराला पुलिस चौकी सहित विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की व्यवस्था
निरीक्षण में डीएम एवं एसपी ने बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, यातायात प्रबंधन एवं रूट डायवर्जन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा व्यवस्थाएं
डीएम ने निर्देश दिए कि जिन व्यवस्थाओं का कार्य अभी शेष है, उन्हें शीघ्र ही पूर्ण कराया जाए। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने तथा संबंधित विभागों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस बल की तैनाती
एसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी कैमरों से सतत मॉनिटरिंग तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहे। इस दौरान एसडीएम नौगांवा सादात शशिभूषण पाठक, एसडीएम धनौरा शैलेश कुमार दुबे, सीओ अंजलि कटारिया मौजूद रहे।


