
विकसित भारत-जी राम जी से रूकेगा योजना में फर्जीवाड़ा : मलिक
Amroha News - अमरोहा के प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने मनरेगा में सुधारों की घोषणा की। अब मजदूरों को 125 दिन का काम मिलेगा और मजदूरी का भुगतान सात दिन में होगा। इस योजना में ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है ताकि फर्जी लाभार्थियों पर अंकुश लगाया जा सके। मंत्री ने विपक्ष की आलोचना पर भी जवाब दिया।
अमरोहा। जिले के प्रभारी मंत्री केपी मलिक सोमवार को अमरोहा पहुंचे। अमरोहा-जोया रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में विकसित भारत जी राम जी अधिनियम को लेकर प्रेस वार्ता की। कहा कि मनरेगा में अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के चलते इसमें परिवर्तन किया गया है। कुछ स्थानों पर ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जहां 80 साल का बुजुर्ग है भी बिना काम किए मजदूरी ले रहा है। मनरेगा की गुणवत्ता में सुधार और आवश्यकताओं को देखते हुए इसमें जमीनी स्तर पर परिवर्तन किया गया है। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी के बारे में बताया कि अब इस योजना में 100 दिन के स्थान पर 125 दिन का काम मजदूरों को मिलेगा।
पहले 15 दिन में मजदूरी का भुगतान होता था लेकिन अब सात दिन में मजदूरी का भुगतान होगा। यदि सात दिन में भुगतान नहीं होता है तो सरकार ब्याज समेत भुगतान करेगी। दावा किया कि मनरेगा में हुए इस परिवर्तन से अनियमितता और फर्जीवाड़े पर अंकुश लग सकेगा। फर्जीवाड़ा करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर लगाम लग सकेगी। इस योजना में ई केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। पात्र व्यक्तियों को ही योजना में काम मिलेगा। एआई से योजना की निगरानी की जाएगी। बताया कि मनरेगा में मजबूत जांच पड़ताल की व्यवस्था नहीं होने की वजह से पैसे का बड़े पैमाने पर गलत इस्तेमाल हुआ। नकली और डुप्लीकेट जॉब कार्ड, फर्जी लाभार्थी, बढ़ा चढ़ा कर या मनगढ़ंत हाजिरी मस्टर रोल, श्रमिकों को आंशिक भुगतान, या पूरा वेतन न देने के मामले सामने आए थे। विकसित भारत जी राम जी अधिनियम इस समझ पर आधारित है कि रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास को अलग-अलग उद्देश्यों के रूप में नहीं माना जा सकता। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम ही आलोचना करना है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम में भगवान राम का नाम आ रहा है तो इसमें क्या बुरा है। इस दौरान भाजपा जिला प्रभारी राजीव सिसोदिया, शिक्षक विधायक डॉ.हरी सिंह ढिल्लो, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय गिरि गोस्वामी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शुभम चौधरी, मीडिया रमेश कलाल आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




