फाइनेंस पर खरीदा गया कंटेनर सुपुर्दगी में लेकर बेचा, प्रबंधक व कैशियर समेत पांच पर एफआईआर
Amroha News - अमरोहा में अमजद ने मणिपुर फाइनेंस से दस टायरा कंटेनर खरीदा। किस्त न चुकाने पर फाइनेंस कंपनी ने कंटेनर ले लिया, लेकिन प्रबंधक और कैशियर ने बिना ट्रांसफर कंटेनर बेचा। अमजद ने शिकायत की, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस आरोपियों की जांच कर रही है।

अमरोहा। फाइनेंस पर खरीदा गया दस टायरा कंटेनर किस्त टूटने पर सुपुर्दगी में ले लिया। बाद में फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक और कैशियर ने बिना ट्रांसफर कराए कंटेनर को दूसरे लोगों को बेच दिया। इतना ही नहीं फर्जी तरीके से फास्टैग भी बनवा लिया। मामले में कोर्ट के आदेश पर प्रबंधक व कैशियर के अलावा खरीद-फरोख्त में शामिल तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव रायपुर खुर्द निवासी अमजद द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक उन्होंने मणिपुर फाइनेस लिमिटेड मुरादाबाद के जरिए दस टायरा कंटेनर खरीदा था लेकिन किन्ही कारण वह एक मासिक किस्त जमा नहीं करा पाए।
लिहाजा, फाइनेंस कंपनी के कैशियर ने फरवरी 2025 में कंटेनर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अमजद ने किस्त जमा करने के लिए फाइनेंस कंपनी से संपर्क किया तो प्रबंधक राजीव व कैशियर योगेश ने ये कहकर कंटेनर की सुपुर्दगी देने से इनकार कर दिया कि अभी मार्च की क्लोजिंग होनी है लिहाजा अब नई एंट्री अप्रैल माह में होगी। वादे पर मुतमईन अमजद फाइनेंस कंपनी के ऑफिस से लौट आया। इसी बीच एक दिन अमजद डींगरपुर हाईवे पर खड़ा था तभी उसने देखा कि संभल जिले के असमौली थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर डसर निवासी चालक इनामुल कंटेनर लेकर वहां से गुजर रहा था। अमजद ने जब उसे रोक कर पूछा तो उसने बताया कि कंटेनर को फाइनेंस कंपनी से खरीद लिया है, जिसे अभी मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव डींगरपुर निवासी महफूज से ट्रांसफर नहीं कराया है। ये सुनकर अमजद के होश उड़ गए। उसने तुरंत ही शाखा प्रबंधक योगेश से बात की तो आरोपी ने धमकी देकर खामोश कर दिया। अमजद का आरोप है कि महफूज बिना ट्रांसफर कराए कंटेनर को चलवा रहा है और सरफराज नाम का युवक फर्जी तरीके से फास्टैग का उपयोग कर रहा है। पीड़ित अमजद ने इस संबंध में थाना अमरोहा देहात में शिकायत की लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की लिहाजा आखिर में कोर्ट की शरण ली। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक राजीव, कैशियर योगेश के अलावा महफूज, इनामुल हसन व सरफराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


