
अच्छी खबर : 62 लाख से दुरुस्त होगा पतेई खालसा-बरखेड़ा राजपूत मार्ग
Amroha News - अमरोहा जिले में जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए शासन ने 2.6 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसमें पतेई खालसा-बरखेड़ा राजपूत मार्ग, नन्हेड़ा राजपूत मार्ग और जोया-नसीरपुर मिलक मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों की मरम्मत से क्षेत्र के दो दर्जन गांवों के ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
अमरोहा, संवाददाता। जिले की जर्जर हाल सड़कों की हालत सुधारने की कवायद के बीच जोया ब्लाक क्षेत्र में तीन सड़कों के विशेष मरम्मतीकरण को शासन ने 2.6 करोड़ रुपये से मंजूरी दी है। शासन ने करीब 72 लाख रुपये की धनराशी अवमुक्त भी कर दी है। मार्गों की हालत सुधरने के बाद सबसे ज्यादा क्षेत्र के जर्जर हाल पतेई खालसा-बरखेड़ा राजपूत मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों राहत मिलेगी। लोनिवि ने सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले की जर्जर हाल सड़कों की हालत सुधारने की कवायद चल रही है। इसी कवायद में शासन ने 2.2 किमी लंबे वर्षों से जर्जर हाल पतेई खालसा-बरखेड़ा राजपूत मार्ग की विशेष मरम्मत के लिए कुल 62 लाख 99 हजार रुपये से मंजूरी दी है।
इसके अलावा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-24 से करीब तीन किमी लंबे नन्हेड़ा राजपूत मार्ग की मरम्मत को भी 76.57 लाख रुपये से मंजूरी मिली है। शासन ने 2.710 किमी लंबे जोया-नसीरपुर मिलक अन्य जिला मार्ग को कुल 66.28 लाख रुपये से मंजूरी देकर क्षेत्र के विकास की राह खोल दी है। सड़कों की मरम्मत पर कुल 2.6 करोड़ रुपये की लागत आएगी। शासन ने तीनों सड़कों की मरम्मत के लिए कुल 72.05 लाख रुपये की धनराशी अवमुक्त की है। ताकि लोगों को ग्रामीण सड़कों पर आते-जाते परेशानी का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग ने बीते साल अक्तूबर माह में सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा था। दशकभर से जर्जर हाल तीनों सड़कों की मरम्मत से क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। इस बावत विभागीय एक्सईएन गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ग्रामीणों को जल्द राहत मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




