
घर से कॉलेज जाने के लिए निकली बीए की छात्रा रिश्ते के जीजा के साथ फरार, जेवरात भी ले गई
Amroha News - अमरोहा में एक बीए छात्रा कॉलेज जाने के लिए निकली और अचानक गायब हो गई। उसने अगले दिन फोन करके बताया कि वह रिश्ते के जीजा करनलाल के साथ है, जिसने उसे नौकरी का लालच देकर बहलाया। परिजनों ने करनलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जो पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता है।
अमरोहा। घर से कॉलेज जाने के लिए निकली बीए की छात्रा अचानक गायब हो गई। अगले दिन फोन करके उसने बताया कि वह रिश्ते के जीजा के साथ आ गई है। छात्रा घर से सोने-चांदी के जेवरात भी ले गई। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। मामले में परिजनों ने बिजनौर जिले में नूरपुर के रहने वाले सफाई कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उस पर नौकरी का लालच देकर छात्रा को बहलाकर ले जाने का आरोप है। मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां पर एक किसान का परिवार रहता है।
उनकी 20 वर्षीय बेटी अमरोहा शहर के एक डिग्री कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है। 31 जनवरी की सुबह छात्रा कॉलेज पढ़ने आई थी लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने परिचितों और रिश्तेदारियों में तलाश किया तो जानकारी हुई की छात्रा को बिजनौर जिले के नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव घुंघली का रहने वाले करनलाल बहला कर ले गया है। करनलाल पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मी है और उसकी तैनाती गंगेश्वरी ब्लॉक है। अगले दिन छात्रा ने परिजनों को फोन करके बताया कि वह रिश्ते के जीजा करन के साथ में है और ये बताकर उसने फोन काट दिया। परिजनों के मुताबिक करनलाल पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। उसने फोन करके धमकी दी है कि छात्रा को पाने के लिए वह किसी की जान भी ले सकता है। पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत थाना पुलिस से की। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि मामले में आरोपी करनलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। छात्रा को जल्द बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




