48 घंटे बाद भी आंबेडकर प्रतिमा नहीं हटा सके अफसर
Amroha News - गांव जेबड़ा मुस्तकम में दलित समाज के लोगों ने रविवार रात आंबेडकर पार्क के लिए चिह्नित भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की। प्रशासन ने 48 घंटे बाद भी प्रतिमा हटाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहा। ग्रामीणों ने प्रतिमा की सुरक्षा के लिए रातभर डटे रहने का निर्णय लिया।

थाना क्षेत्र के गांव जेबड़ा मुस्तकम में दलित समाज के लोगों द्वारा रविवार रात आंबेडकर पार्क के लिए चिह्नित भूमि पर बनाए चबूतरे पर स्थापित की गई डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को अधिकारी 48 घंटे बाद भी नहीं हटा सके हैं। ग्रामीणों को समझाकर प्रतिमा हटाने की हर कोशिश अब तक नाकाम रही है। बल प्रयोग कर प्रतिमा हटाने की आशंका के मद्देनजर ग्रामीणों के संग महिला व बच्चे मौके पर डटे हुए हैं। ग्रामीणों के दावे के मुताबिक, जेबड़ा मुस्तकम गांव के बाहरी छोर पर आंबेडकर पार्क के लिए भूमि चिन्हित है। यहां पहले से चबूतरा भी बना है। बताया जा रहा है कि रविवार रात किसी वक्त दलित समाज के लोगों ने डॉ.आंबेडकर की करीब छह फीट ऊंची प्रतिमा लाकर चबूतरे पर स्थापित कर दी थी।
सोमवार दोपहर मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ आदि अफसरों ने ग्रामीणों को समझाकर प्रतिमा हटाने का प्रयास किया जो देर रात तक असफल रहा। रात करीब 1:30 बजे एसडीएम व अन्य प्रशासनिक अधिकारी थक हारकर बैरंग लौट आए। उधर, पुलिस बल द्वारा प्रतिमा हटाने की आशंका के चलते गांव की तमाम दलित महिलाएं, बच्चों के साथ रातभर प्रतिमा व चबूतरे की सुरक्षा में डटे रहे। मंगलवार को आंबेडकर जयंती के मौके पर ग्रामीणों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण के संग यहां कार्यक्रम करना चाहा तो पुलिस ने रोक दिया। मंगलवार रात सीओ पंकज कुमार त्यागी व सीओ शक्ति संग पुलिस-पीएसी के संग मौके पर डटे रहे। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मंगलवार रात मौका मुआयना किया। माना जा रहा है कि जयंती निपटने के बाद प्रशासन सख्ती कर सकता है। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने ग्रामीणों को भरोसा दिया है कि इस संबंध में आला अधिकारियों से वार्ता करने के बाद जल्दी अनुमति जारी करा दी जाएगी। लेकिन, ग्रामीण प्रतिमा हटाने के लिए तैयार नहीं हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


