
अमरोहा पहुंची आप की वोट बचाओ, संविधान बचाओ यात्रा
Amroha News - आम आदमी पार्टी की 'वोट बचाओ, संविधान बचाओ' यात्रा संजय सिंह के नेतृत्व में जिले में प्रवेश कर गई। पार्टी ने केंद्र सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाए, विशेष रूप से मुसलमानों, दलितों और पिछड़ों के वोटों को काटने का। संजय सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर कड़ी आलोचना की और आम लोगों से वोट के अधिकार की रक्षा करने की अपील की।
जोया, संवाददाता। राज्य सभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की वोट बचाओ, संविधान बचाओ यात्रा गुरुवार को जिले की सीमा में दाखिल हुई। पार्टी नेताओं ने एसआईआर को लेकर केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। इसे सीधे तौर पर वोट चोरी करार देते हुए कहा कि मुसलमान, दलित और पिछड़े वर्गों के वोट काटे जा रहे हैं। आरोप लगाया कि बिहार में भी इसी तरह वोट काटकर भाजपा ने सरकार बनाई। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। गुरुवार दोपहर मुरादाबाद से निकलकर जोया क्षेत्र के गांव पायती कला पहुंची यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जुबानी हमला बोला।
प्रदेश में चल रहे एसआईआर अभियान को लेकर गंभीर आरोप लगाए। दावा किया कि एक निर्वाचन क्षेत्र में 60 से 70 हजार वोट कटवाकर बीजेपी ने बिहार में सत्ता हासिल की। चुनाव आयोग की वोट बनवाने की शर्तों को गरीबों और वंचितों के खिलाफ बताया। कहा कि 50 साल का ऐसा व्यक्ति, जिसके पास न जन्म प्रमाण पत्र है और न ही जमीन का कोई कागज, उसके लिए वोट बनवाना नामुमकिन हो गया है जबकि वोट संविधान में दिया गया सबसे बड़ा अधिकार है। इसे बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर ने देश के हर नागरिक को दिया था। आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश में करीब चार करोड़ वोटों की चोरी करना चाहती है। कहा कि पंजाब जैसे राज्य की पूरी आबादी जहां तीन करोड़ है तो वहीं यूपी में चार करोड़ वोट काटने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डिटेंशन सेंटर वाले बयान पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जिन दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के वोट काटे जा रहे हैं, क्या उन्हें डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा। सरकार को शिक्षा, रोजगार और किसानों के मुद्दे पर भी घेरा। कहा कि सरकार के पास स्कूली शिक्षा के लिए पैसा नहीं है, युवाओं को रोजगार के नाम पर लाठियां मिल रही हैं। किसानों को गन्ने का दाम और यूरिया तक नहीं मिल रहा लेकिन सरकार केवल अपनी सनक पूरी करने में लगी है। उन्नाव रेप पीड़िता मामले को लेकर कहा कि अब सीबीआई सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कर रही है लेकिन सरकार अपने लोगों को बचा रही है। कहा कि अगर आरोपी भाजपा नेता न होता तो अब तक ईडी और सीबीआई कार्रवाई कर चुकी होती। क्रिसमस और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि पूरी दुनिया में भाजपा देश की छवि खराब कर रही है। जबलपुर में एक नेत्रहीन महिला और उसकी बच्ची के साथ कथित अभद्रता का जिक्र कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग की। चर्च के सामने हनुमान चालीसा पढ़ने पर भी सवाल उठाया। कहा कि लोकतंत्र में अगर वोट नहीं बचेगा तो किसी की कोई सुनवाई नहीं होगी। वोट की ताकत से ही प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक बनते हैं। आम लोगों से अपील की कि वह घरों से बाहर निकलें और अपने वोट के अधिकार की रक्षा करें। इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं यात्रा मीडिया प्रभारी आतिर हुसैन, पंजाब के आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, मोहम्मद हैदर, पार्टी नेता सर्वेश मिश्रा, मोहम्मद आमिर समेत अमरोहा, रामपुर व मुरादाबाद जिले के पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




